बेकिंग सोडा से ज्वालामुखी बनाएं
‘बच्चो! आपने ज्वालामुखी को फटते हुए तो निश्चितरूप से नहीं देखा होगा, मैंने भी नहीं देखा है लेकिन आपने व मैंने सुना अवश्य है और शायद फिल्मों या टीवी पर ज्वालामुखी को फटते हुए भी देखा हो। लेकिन आज मैं आपको एक ऐसे प्रयोग के बारे में बताती हूं जिससे आपको अंदाज़ा हो जायेगा कि जब ज्वालामुखी फटता है तो कैसा नज़ारा होता है। दरअसल, बेकिंग सोडा ज्वालामुखी विज्ञान का एक क्लासिक प्रयोग है, जिसमें बेस (बेकिंग सोडा) व एसिड (सिरका) को मिलाकर रासायनिक प्रतिक्रिया उत्पन्न की जाती है, जो ज्वालामुखी के बहते हुए लावा की तरह प्रतीत होती है। इस प्रयोग के लिए हमें निम्न चीज़ों की ज़रूरत पड़ेगी-
1 से 2 चम्मच बेकिंग सोडा। आधा कप सिरका। 1 चम्मच डिश सोप (अतिरिक्त झाग के लिए)। लाल फूड कलर की चंद बूंदें। 2 चम्मच गुनगुना पानी। एक छोटी प्लास्टिक की बोतल। मिटटी, जिससे बोतल का बेस बनाना है, ताकि वह पहाड़ यानी ज्वालामुखी सा लगे।
यह चीज़ें एकत्र करने के बाद करना यह है-
* सबसे पहले बोतल को एक ट्रे पर रख दें ताकि जो ‘लावा’ निकले वह सब जगह न फैले।
* अब मिट्टी का इस्तेमाल करते हुए बोतल के इर्दगिर्द ज्वालामुखी का आकार दें।
* फिर बेकिंग सोडा, डिश सोप और पानी को बोतल में डालने के बाद उन्हें हल्का सा मिश्रण कर दें।
* एक अलग कप में सिरके व लाल फूड कलर को आपस में मिला लें।
* अब आपको सिरके के इस मिश्रण को बोतल में डालना है और ज्वालामुखी को फटते हुए देखना है।
यह क्यों और कैसे हुआ? बेकिंग सोडा बेस है यानी सोडियम बाइकार्बोनेट है। सिरका तेज़ाब है यानी एसेटिक एसिड है। जब यह दोनों चीज़ें आपस में मिलती हैं तो कार्बन डाइऑक्साइड गैस बनती है। गैस ऊपर को उठती है, बोतल से बाहर निकलने के लिए, लेकिन इसकी वजह से डिश सोप मोटा, बुलबुले वाला लावा बनता है और चूंकि इसमें लाल फूड कलर भी होता है इसलिए ऐसा लगता है कि ज्वालामुखी फटा हो और उसमें से लाल लावा निकल रहा हो।
दरअसल, इस प्रयोग में दो चरणों में रासायनिक क्रियाएं होती हैं-
एक, सिरके का एसेटिक एसिड बेकिंग सोडा के सोडियम बाइकार्बोनेट से मिलता है। इस मिश्रण से सोडियम एसीटेट (लिक्विड साल्ट) और कार्बोनिक एसिड बनता है।
दो, कार्बोनिक एसिड बहुत कमज़ोर होता है और वह बहुत तेज़ी से टूट जाता है। वह पानी और कार्बन डाइऑक्साइड गैस में बदल जाता है। गैस ऊपर को निकलती है, जिससे लावा (फोम) ऊपर को निकलता हुआ दिखायी देता है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





