नेपाल बाढ़: तबाही के बाद सुरंगों में फंसे 900 मजदूर; त्रिशूली-3ए सुरंग में बना छोटा रास्ता, हवा-खाना भेजा गया
काठमांडू, 30 अगस्त - नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। सबसे बड़ी चुनौती ऊपरी त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे कर्मचारियों और इंजीनियरों को बाहर निकालने की है। बचाव दल सुरंग तक पहुंचने के लिए ड्रिलिंग, खुदाई और नियंत्रित विस्फोट कर रहे हैं। नेपाली सेना के मुताबिक, रविवार को बचाव दल सुरंग के मुख्य हिस्से तक पहुंचने में कामयाब रहा। करीब 90 सदस्यों की संयुक्त टीम इस अभियान में जुटी है। इसमें 66 नेपाली सेना के जवान, प्रशिक्षित कुत्तों के साथ विशेषज्ञ खोज एवं बचाव दल, 18 सशस्त्र पुलिस बल के जवान और छह नेपाल पुलिसकर्मी शामिल हैं।
रविवार दोपहर करीब दो बजे बचाव दल सुरंग के ऊपरी हिस्से यानी 'क्राउन हेड' तक पहुंचा। वहां करीब 2×3 फीट का रास्ता बनाया गया। इसके बाद बचावकर्मी रस्सियों के सहारे सुरंग के अंदर उतरे और अंदर मौजूद लोगों को आवाज लगाई। हालांकि, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बचाव दल ने सुरंग का रास्ता और चौड़ा करने का काम तेज कर दिया। भारी मशीनों और नियंत्रित विस्फोटों की मदद से अंदर तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि सुरंग में प्रवेश का रास्ता पूरी तरह खुलने के बाद अंदर फंसे लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का अभियान तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

