पीजीआई में होगा राजोआना की आंखों का इलाज- हाईकोर्ट
चंडीगढ़, 2 सितंबर: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने बलवंत सिंह राजोआना को चंडीगढ़ के PGI में अपना इलाज कराने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने यह आदेश राजोआना की पटियाला में अपना इलाज कराने की अर्जी पर दिया है। बता दें कि बलवंत सिंह राजोआना को अपनी आंखों का इलाज करवाना है।
जानकारी के मुताबिक, बलवंत सिंह राजोआना को आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत थी। इसके बाद PGI चंडीगढ़ में उनकी आंखों की जांच भी हुई थी। अब उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर पटियाला के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज कराने की गुहार लगाई है।
राजोआना ने अपनी याचिका में कहा था कि उनकी दोनों आंखों में मोतियाबिंद है, जिसकी वजह से उन्हें आंखों में दर्द हो रहा है। उन्हें सर्जरी कराने की इजाज़त दी जाए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि इसी साल जनवरी में PGI में उनका चेकअप हुआ था। उन्होंने कहा कि वह पिछले 30 साल से पटियाला जेल में हैं। हाई कोर्ट ने कहा कि जब जनवरी में PGI में उनकी आंखों की जांच हो गई थी, तो फिर उनका इलाज पटियाला के प्राइवेट अस्पताल में क्यों कराया जाए? इसके बाद हाई कोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए PGI में इलाज कराने का आदेश दिया है।

