यूपी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को मारी टक्कर, 3 की मौत, 12 घायल
बदायूं, 7 सितंबर - यूपी के बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खितौरा के गोदी नगला के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरे एक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए टेंपो में करीब 16 लोग सवार थे, जो कि क्षमता से कहीं अधिक है। पुलिस और प्रशासन की अनदेखी के चलते सड़कों पर धड़ल्ले से चल रहे ये ओवरलोड वाहन आज एक बड़े हादसे का कारण बन गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तुरंत डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। सभी गंभीर घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिल्सी सरकारी अस्पताल और सहसवान के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

