प्लास्टिक की बोतल में बवंडर

बच्चो! आज मैं आपको जो प्रयोग सिखाने जा रही हूं उससे आप तरल गतिशीलता यानी फ्लूइड डायनामिक्स और वायुदाब यानी एयर प्रेशर को आसानी से समझ जायेंगे।
दरअसल, प्लास्टिक की पानी की बोतल से बवंडर यानी वोर्टेक्स/टोर्नेडो बनाने का विज्ञान बहुत ही दिलचस्प और आसान है। इसे घर पर आसानी से किया जा सकता है। इस प्रयोग के लिए हमें जो आवश्यक सामग्री चाहिए होगी वह है-
* दो खाली पारदर्शी प्लास्टिक की बोतलें (2 लीटर की कोल्ड ड्रिंक या पानी की बोतलें)।
* पानी।
* थोड़ा सा डिशवाश या लिक्विड सोप ताकि बवंडर को साफ देखा जा सके।
* ग्लिटर या फूड कलर। यह वैकल्पिक है, लेकिन इससे बवंडर रंगीन और सुंदर दिखायी देता है। 
* कनेक्टर ट्यूब या मज़बूत टेप, दो बोतलों को आपस में जोड़ने के लिए।
प्रयोग करने की विधि-
1. पानी भरना- एक खाली बोतल को लगभग दो तिहाई (2/3) पानी से भर लें।
2. साबुन मिलाना- पानी में डिशवाश की कुछ बूंदें और रंग या ग्लिटर मिला दें।
3. बोतलें जोड़ना- भरी हुई बोतल के मुंह पर कनेक्टर लगायें या दूसरी खाली बोतल को उल्टा करके दोनों के मुंह को टेप से कसकर चिपका दें।
4. उल्टा करना- अब इस पूरी संरचना को पलट दें ताकि पानी वाली बोतल ऊपर और खाली बोतल नीचे रहे।
5. घुमाना- ऊपरी बोतल के पानी को तेज़ी से गोल- गोल होरिजोंटली घुमाएं। 
अब इसका क्या नतीजा निकलेगा और इसके पीछे का क्या विज्ञान है : 
बवंडर का निर्माण- गोल घुमाने से पानी में एक भंवर या बवंडर (फनल-शेप्ड वोर्टेक्स) बन जाता है।
तेज़ी से पानी निकलना- बीच में खाली जगह, वोर्टेक्स, बनने से हवा ऊपर जाती है और पानी किनारों से तेज़ी से नीचे की खाली बोतल में चला जाता है। यह साधारण तरीके से पानी पलटने से बहुत तेज़ होता है। 
अभिकेंद्री बल- यह बवंडर अभिकेंद्री बल (सेंटरीपेटल फोर्स) और गुरुत्वाकर्षण (ग्रेविटेशनल फोर्स) के कारण बनता है। 
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

#प्लास्टिक की बोतल में बवंडर