सबसे अधिक शाकाहारी किस देश में हैं ?

‘दीदी, हर साल की तरह हमने इस 1 अक्तूबर को भी विश्व शाकाहारी दिवस मनाया।’ 
‘हां, यह बात तो है। दुनियाभर के लोग पौधे-आधारित व्यंजनों का आनंद लेने लगे हैं और शाकाहार का चलन बढ़ता जा रहा है। वैसे बहुत से देशों में शाकाहार खान-पान की पसंद नहीं बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा है।’
‘लेकिन मैं यह जानना चाहता हूं कि सबसे ज्यादा शाकाहारी किस देश में हैं?’
‘वर्ल्ड एटलस के अनुसार शाकाहारियों का सबसे अधिक प्रतिशत भारत में है।’
‘कितने प्रतिशत?’
‘भारत की 38 प्रतिशत जनसंख्या शाकाहारी है। इसकी वजह यह है कि भारत में शाकाहारी व्यंजनों की ज़बरदस्त परम्परा है, सब्ज़ियों से बनने वाले अनेक व्यंजनों के अतिरिक्त दाल, अनाज, डेरी उत्पाद से बनने वाली चीज़ों के साथ ही क्षेत्रीय विशेषताएं भी हैं।’
‘भारत के बाद सबसे ज्यादा शाकाहारी किस देश में हैं?’
‘दूसरे नंबर पर मैक्सिको है, जहां 19 प्रतिशत से अधिक लोग शाकाहारी हैं। यहां स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शाकाहारियों की संख्या में निरंतर वृद्धि होती जा रही है।’
‘मैक्सिको में सामान्य शाकाहारी व्यंजन कौन से हैं?’
‘कॉर्न, बीन्स, टमाटर व मिर्चें।’
‘शाकाहार की सूची में तीसरे स्थान पर कौन सा देश है?’
‘हालांकि ब्राज़ील अपने मांसाहार के लिए विख्यात है, लेकिन अनेक वर्षों से शाकाहार भी यहां पॉपुलर होता जा रहा है और अब उसकी 14 प्रतिशत जनसंख्या शाकाहारी है।’ 
‘और इस संदर्भ में चौथे नंबर पर कौन सा देश है?’
‘तुम्हें सुनकर ताज्जुब होगा, ताइवान है, जिसकी 12-14 प्रतिशत जनसंख्या शाकाहारी है। दरअसल, इस देश का प्रमुख धर्म बौद्ध है, जिसने सादा पौधा-आधारित शाकाहारी व्यंजनों को पॉपुलर करने में भरपूर योगदान दिया है। यहां शाकाहारी डिश आमतौर से सोया-आधारित प्रोटीन, मशरुम व ताज़ी सब्ज़ियों से तैयार की जाती हैं।’ 
‘इन देशों के बाद और कौन से देश हैं जहां शाकाहार पॉपुलर हो रहा है?’
‘इज़राइल, ऑस्ट्रेलिया व अर्जेंटीना में 11-12 प्रतिशत लोग अपने आपको शाकाहारी बताते हैं।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#सबसे अधिक शाकाहारी किस देश में हैं ?