अग्रवाल समाज के संस्थापक महाराजा अग्रसेन
आज जयंती पर विशेष
इतिहास में कुछ राजा-महाराजा अपने राज्य की सीमाओं के कारण याद किए जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे युगपुरुष भी होते हैं, जिनकी पहचान उनके विचारों और जन-कल्याण की सोच से बनती है। अग्रवाल समाज के संस्थापक महाराजा अग्रसेन का नाम ऐसी ही परम्परा से जुड़ा है। उन्हें अग्रोहा के संस्थापक और अग्रवाल समाज के आदि पुरुष के रूप में श्रद्धा से याद किया जाता है। उनकी विरासत में शांति, अहिंसा, समानता, सहयोग, उद्यम और सामूहिक खुशहाली के मूल्य प्रमुख हैं।
महाराजा अग्रसेन के जीवन से जुड़ी अनेक बातें लोक-परम्पराओं और सामूहिक स्मृति में सुरक्षित हैं। इनमें सबसे अधिक प्रचलित परम्परा ‘एक ईंट और एक रुपया’ है। माना जाता है कि अग्रोहा में कोई नया परिवार आकर बसता था तो प्रत्येक परिवार उसे एक ईंट और एक रुपया देता था। ईंट घर की नींव और रुपया रोज़गार या व्यापार की शुरुआत का प्रतीक था। यह केवल सहायता नहीं, बल्कि नए व्यक्ति को सम्मान के साथ समाज में स्थापित कर आत्मनिर्भर बनाने की सोच थी। आज भी इस परम्परा का मूल संदेश स्पष्ट है किसी को केवल सहारा देने के बजाय उसे अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया जाए। महाराजा अग्रसेन के साथ 18 की संख्या का विशेष संबंध भी लोक-परम्परा में मिलता है। 18 गणों और अग्रवाल समाज के 18 गोत्रों की अवधारणा भी इसी परम्परा से जोड़ी जाती है। प्रचलित 18 गोत्रों में गर्ग, गोयल, गोयन, बंसल, कंसल, सिंघल (सिंगला), मंगल (मंगला), जिंदल, तिंगल, ऐरण, धारण, मधुकुल, बिंदल, मित्तल, तायल, भंदल, नागल और कुच्छल के नाम मिलते हैं।
महाराजा अग्रसेन की विरासत का सबसे मानवीय पक्ष अहिंसा और जीवदया से जुड़ा है। 18 यज्ञों से जुड़ी लोककथा के अनुसार 17 यज्ञ संपन्न होने के बाद 18वें यज्ञ के अवसर पर पशु बलि की तैयारी देख कर उन्होंने यज्ञ को बीच में ही रोक दिया था। इस प्रसंग को जीवों के प्रति दया और अहिंसा के संदेश से जोड़ा जाता है। यही विचार आज पशु कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और संवेदनशील जीवनशैली जैसे विषयों में नए अर्थ प्राप्त करता है।
उनकी विरासत का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष सामूहिक अर्थव्यवस्था है। ‘एक ईंट और एक रुपया’ की परम्परा इस बात का प्रतीक है कि समाज की खुशहाली केवल निजी संपन्नता या पूंजी के केंद्रीकरण से नहीं, बल्कि एक-दूसरे को आगे बढ़ाने से बनती है। आज युवाओं और नए उद्यमियों को पूंजी के साथ कौशल, मार्गदर्शन, तकनीक, अवसर और बाज़ार से जुड़ाव की आवश्यकता है। किसी के कारोबार की पहली सीढ़ी बनना कई बार केवल आर्थिक सहायता देने से बड़ी सेवा होती है।
महाराजा अग्रसेन की विरासत में सामूहिक निर्णय, साझा ज़िम्मेदारी और आपसी सहयोग की भावना भी उभरती है। यही कारण है कि उनका नाम केवल व्यापारिक क्षमता से नहीं, बल्कि सामाजिक संगठन और जन-कल्याण की सोच से भी जुड़ा है। उनकी विरासत हमें समझाती है कि आर्थिक प्रगति का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। आज जब समाज आर्थिक असमानता, बेरोज़गारी, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सामाजिक दूरी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, महाराजा अग्रसेन से जुड़े ये मूल्य और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। उनकी स्मृति केवल जयंती मनाने तक सीमित न रहे, बल्कि किसी ज़रूरतमंद के लिए सहारा, किसी युवा के लिए अवसर, किसी नए उद्यमी के लिए मार्गदर्शन और किसी बेसहारा के लिए आत्मनिर्भरता का रास्ता बने यही उनकी विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
महाराजा अग्रसेन जयंती का वास्तविक संदेश शायद इसी एक सवाल में समाया है, क्या हम किसी ऐसे व्यक्ति के जीवन में ‘पहली ईंट और पहला रुपया’ बन सकते हैं, जो आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन शुरुआत के साधनों से वंचित है?
यदि इस सवाल का जवाब हमारे कर्मों में मिलने लगे तो महाराजा अग्रसेन की विरासत केवल इतिहास या जन-स्मृतियों में ही नहीं, बल्कि आज के समाज में भी जीवंत रहेगी। सहयोग, समानता, अहिंसा और सामूहिक खुशहाली का यह संदेश सदियों बाद भी मनुष्य को मनुष्य के साथ खड़े होने की प्रेरणा देता है। आज 11 अक्तूबर को उनकी जयंती अग्रवाल समाज द्वारा देश-विदेश के विभिन्न शहरों व कस्बों में पूर्ण श्रद्धा व धूमधाम से मनाई जा रही है।
-मो. 90412-95900



