कालका के प्राचीन श्री काली माता मंदिर पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, विधायक शक्तिरानी शर्मा ने किया स्वागत

कालका,  14 अक्टूबर (ललित धीमान)- शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कालका स्थित प्राचीन श्री काली माता मंदिर में पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान कालका की विधायक शक्तिरानी शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। दोनों ने मंदिर में माथा टेककर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर परिसर में आयोजित हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित की।

हवन-यज्ञ के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और विधायक शक्तिरानी शर्मा ने श्री गुरुद्वारा साहिब जी में भी माथा टेककर श्रद्धा भाव से शीश नवाया। इस दौरान प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की गई।

इसके बाद डॉ. अर्चना गुप्ता, विधायक शक्तिरानी शर्मा और अन्य उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। विधायक शक्तिरानी शर्मा ने डॉ. अर्चना गुप्ता को मां काली की तस्वीर भेंट की और फलाहार स्वरूप प्रसाद देकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में भाजपा पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी शर्मा, नगर परिषद चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

मां भगवती की कृपा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आए: डॉ. अर्चना गुप्ता

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां भगवती से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कामना की कि सरकार जनकल्याण से जुड़े इन प्रयासों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सक्षम हो।

जनसेवा और हरियाणा के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प: शक्तिरानी शर्मा

विधायक शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का प्राचीन श्री काली माता मंदिर में आगमन हर्ष और आत्मीयता का विषय है। उनके साथ मां काली के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना करना सुखद आध्यात्मिक अनुभूति रही।

उन्होंने मां काली से प्रार्थना की कि प्रदेश अध्यक्ष का स्नेह और मार्गदर्शन सदैव मिलता रहे, ताकि सभी मिलकर जनसेवा और हरियाणा के विकास के लिए समर्पण भाव से कार्य करते रहें। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बने रहने की कामना भी की।

#कालका के प्राचीन श्री काली माता मंदिर पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता
# विधायक शक्तिरानी शर्मा ने किया स्वागत