नोबेल प्राइज़ कौन प्रदान करता है ?

‘दीदी, हाल ही में वर्ष 2026 के लिए नोबेल प्राइज जीतने वालों के नामों की घोषणाएं हुई हैं। मैं यह जानना चाहता हूं कि साल दर साल यह पुरस्कार कौन प्रदान करता है?’
‘दरअसल, स्वीडेन व नॉर्वे की विभिन्न संस्थाएं नोबेल प्राइज अवार्ड करती हैं, जैसा कि एल्फर्ड नोबेल ने 1895 की अपनी वसीयत में दर्ज किया था।’
‘और यह एल्फर्ड नोबेल कौन थे?’
‘एल्फर्ड बर्नहार्ड नोबेल स्वीडेन के रसायनशास्त्री, आविष्कारक, व्यापारी, इंजीनियर और समाज सेवी थे। उनका जन्म स्टॉकहोल्म, स्वीडेन में 21 अक्तूबर 1833 को हुआ था और निधन 10 दिसम्बर 1896 को सनरेमो, इटली में हुआ। वह डायनामाइट के आविष्कार के लिए जाने जाते हैं, जिसका आविष्कार उन्होंने 1866 में किया था। अपने जीवन में उनके पास 355 पेटेंट्स थे। लेकिन इस सबसे बढ़कर यह बात है कि नोबेल पुरस्कार स्थापित करने के लिए उन्होंने अपनी सारी दौलत दान कर दी थी, जिसकी वसीयत उन्होंने 1895 में तैयार की थी।’
‘नोबेल पुरस्कार स्थापित करने की प्रेरणा उन्हें कैसे मिली?’
‘सैन्य विस्फोटकों का आविष्कार करने की वजह से एल्फर्ड नोबेल की काफी आलोचना होती थी। उन्होंने अपने इन आविष्कारों से ज़बरदस्त दौलत कमायी थी। अब हुआ यह कि 1888 में उनके भाई लुडविग की मौत हुई और गलती से अनेक अखबारों ने एल्फर्ड नोबेल के संदर्भ में ही मृत्युलेख प्रकाशित कर दिये। फ्रांस के एक अखबार की सुर्खी थी- ‘मौत का सौदागर मर गया है’, जबकि एक अन्य अखबार ने लिखा- ‘डॉ. एल्फर्ड नोबेल, जो तेज़ी से ज्यादा से ज्यादा लोगों को मारने के तरीके ईजाद करके रईस हुए थे, कल उनका निधन हो गया’। हालांकि डायनामाइट का आविष्कार उन्होंने मानवों की मदद करने के लिए किया था, लेकिन यह मृत्यु लेख पढ़कर उन्हें दु:ख हुआ कि लोग उन्हें इस तरह से याद रखेंगे। वह अपने पीछे अच्छी विरासत छोड़ना चाहते थे, इसलिए उन्होंने नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की।’
‘अच्छा। लेकिन यह बात तो रह गई कि कौन सा पुरस्कार कौन सी संस्था प्रदान करती है।’ 
‘फिजिक्स व केमिस्ट्री का नोबेल प्राइज स्टॉकहोम, स्वीडेन स्थित रॉयल स्वीडिश अकादमी ऑफ़ साइंसेज प्रदान करती है, जिसके सदस्य एल्फर्ड नोबेल भी रहे थे। अर्थशास्त्र का पुरस्कार भी यही संस्था देती है।’
‘ओके।’
‘स्टॉकहोम, स्वीडेन में ही एक अन्य संस्था कारोलिंसका इंस्टिट्यूट है जो मेडिसिन के ईनाम का चयन करता है। साहित्य का प्राइज स्वीडिश अकादमी, स्टॉकहोम देती है और शांति पुरस्कार की ज़िम्मेदारी नार्वेजियन नोबेल कमेटी, ओस्लो, नॉर्वे की है; कमेटी का चयन नॉर्वे की संसद स्टोर्टिंग करती है। पुरुस्कारों के वित्त व प्रशासनिक प्रबंधन की ज़िम्मेदारी नोबेल फाउंडेशन की है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#नोबेल प्राइज़ कौन प्रदान करता है ?