ज्ञानेश कुमार को हटाने और चुनाव प्रणाली में सुधार तक चुप नहीं बैठेंगे: वेणुगोपाल

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर- कथित ‘वोट चोरी’, SIR और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन की ओर से 1 नवंबर को आयोजित होने वाली रैली से पहले कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल रामलीला मैदान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया नहीं जाता और देश की चुनाव प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे।

वेणुगोपाल ने कहा, “हमें नहीं पता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह इतने डरे हुए क्यों हैं कि एक छोटी-सी सभा से भी घबरा रहे हैं। हमने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जनता के महाभियोग’ का ऐलान किया था। हमने 1 नवंबर को मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हमने 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक रामलीला मैदान की बुकिंग कराई है और हमें पहले ही इस अवधि के लिए अनुमति मिल गई थी। इसलिए हमने यहीं ‘जनता के महाभियोग’ का कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया।”

उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले जब कांग्रेस के कार्यकर्ता कार्यक्रम की व्यवस्था करने और ढांचा तैयार करने के लिए वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। वेणुगोपाल ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों किया गया। उनके मुताबिक, यह दिल्ली पुलिस का फैसला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का फैसला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचा रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वे सरकार के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे और उन्हें पता है कि कार्यक्रम कैसे आयोजित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ मतदाता सूची से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदर्शन करने वाले लोगों को भी रोका जा रहा है।

वेणुगोपाल ने कहा कि वे कहीं भी प्रदर्शन कर सकते हैं और दिल्ली में प्रदर्शन के लिए कई जगहें हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि दिल्ली पुलिस उन्हें प्रदर्शन करने से कैसे रोक सकती है।

उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। जब तक ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया नहीं जाता और देश की चुनाव प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता, तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे।”

#ज्ञानेश कुमार को हटाने और चुनाव प्रणाली में सुधार तक चुप नहीं बैठेंगे: वेणुगोपाल