भारत मंडपम: प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे कॉन्क्लेव का उद्घाटन
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5:30 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह सभा को भी संबोधित करेंगे।
27 से 29 अक्टूबर तक चलने वाला यह तीन दिवसीय कॉन्क्लेव उभरती प्रौद्योगिकियों और भारत की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार संबंधी प्राथमिकताओं पर चर्चा करने के लिए प्रमुख वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।
इस कॉन्क्लेव में 12 अलग-अलग विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोटेक्नोलॉजी, उन्नत सामग्री, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, जलवायु और समुद्री विज्ञान जैसे विषय शामिल हैं।
चर्चा का मुख्य केंद्र शोध संबंधी प्राथमिकताएं, राष्ट्रीय क्षमताओं को मजबूत करना और वैज्ञानिक प्रगति को व्यावहारिक रूप से उपयोग में लाना होगा।

