पूर्व कांग्रेसी मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर तड़के केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी
होशियारपुर, 2 नवंबर (बलजिंदर पाल सिंह)- पंजाब की पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान उद्योग मंत्री रहे सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। आज सुबह तड़के 5 बजे केंद्रीय जांच एजेंसियों (इनकम टैक्स और ईडी) की टीमों ने होशियारपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने घर को घेरकर बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अरोड़ा के घर पर तीन दिनों (लगभग 62 घंटे) तक आयकर विभाग की लंबी कार्रवाई हो चुकी है। उस समय सुंदर शाम अरोड़ा ने स्पष्ट किया था कि यह छापेमारी सीबीआई की नहीं, बल्कि इनकम टैक्स विभाग की थी, जो उनके बेटे के प्रॉपर्टी कारोबार से संबंधित थी। उनका दावा था कि जांच के दौरान टीमों को कुछ भी गैर-कानूनी नहीं मिला था।

