यूपी: पांच गुने से भी ज्यादा हुआ दिल्ली-मुंबई से लखनऊ आने वाले विमानों का किराया

लखनऊ, 7 नवंबर - दिवाली पर विमानों के जरिए लखनऊ आने वालों को खासी महंगी उड़ानों के टिकट खरीदने पड़ रहे हैं। दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइटें आम दिनों की तुलना में पांच गुनी तक महंगी हो गई हैं। दिल्ली से आने वाली उड़ानों के टिकट जहां 14113 रुपये पहुंच गए हैं, वहीं मुंबई की फ्लाइटें 27462 रुपये तक में मिल रही हैं।

रश्मि सिंह मुंबई में फिल्म सिटी में काम करती हैं। वह लखनऊ की रहने वाली हैं। रविवार को मुंबई से लखनऊ आएंगी। चूंकि उनके पास समय कम है, इसलिए विमान में टिकट बुक करवाया है। उन्होंने अकासा एयर की दोपहर 12:05 बजे की उड़ान का टिकट बुक कराया, जो 27462 रुपये का पड़ा। ऐसे ही नवी मुंबई से लखनऊ के लिए रात पाैने आठ बजे रवाना होने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2065 का टिकट 16666 रुपये पहुंच गया है। वहीं मुंबई से सुबह 11:10 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट का टिकट 24068 रुपये, एयर इंडिया की सुबह सवा ग्यारह बजे की उड़ान 23537 रुपये पहुंच गया है। जबकि आम दिनों में मुंबई के लिए पांच से साढ़े पांच हजार रुपये के बीच टिकट मिल जाते हैं। 

#यूपी