स्विटज़रलैंड रोहिंग्या शरणार्थियों को 1. 20 करोड़ डॉलर की मदद देगा
ढ़ाका, 6 फरवरी (वार्ता) : स्विटजरलैंड रोहिंग्या शरणार्थियों को दी जा रही मदद के अलावा 1. 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता और देगा। बंगलादेश की आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति अलैन बर्सेत ने बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ हुई बैठक के बाद इस आशय की घोषणा की।
गौरतलब है कि म्यांमार के राखिन प्रांत से आये बड़ी संख्या में रोहिंग्या शरणार्थी बंगलादेश में शरण लिए हुए हैं। बैठक के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में बर्सेत ने इस मुद्दे पर बंगलादेश के प्रति अपने देश का पूर्ण समर्थन देने का संकल्प व्यक्त किया। बंगलादेश के कॉक्स बाजार जिले में बड़ी संख्या में आए रोहिंग्या शरणार्थियों को दी जाने वाली यह मदद गत वर्ष दी गयी 80 लाख फ्रैंक्स (80 लाख 60 हजार अमेरिकी डॉलर) की सहायता के अलावा होगी। गत वर्ष अगस्त में हुई हिंसा के बाद म्यांमार से भागे सात लाख शरणार्थियों के साथ ही बंगलादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों की संख्या बढ़कर नौ लाख से अधिक हो चुकी है।