बरगाड़ी मुद्दे पर सुखबीर मगरमच्छ के आंसू बहाना बंद करे : कैप्टन

चंडीगढ़, 17 जुलाई (अ.स) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा बरगाड़ी मुद्दे पर मगरमच्छ के आंसू बहाने का मजाक उड़ाते हुए स्पष्ट किया कि उन की सरकार बरगाड़ी घटना से जुड़े मामलों का तह तक जाने की पूरी पैरवी करेगी। बरगाड़ी मामलों में सी.बी.आई की क्लोज़र रिपोर्ट को अकाली दल द्वारा चुनौती  देने के निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते मुख्यमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर फिकरमंद होने का ढोंग करके लोगों को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहे है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल जो उस मौके प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री थे, ने इस मामले का जांच खुद करने की बजाए  बरगाड़ी कांड़ से संबंधित पहले तीन मामलों को केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.) के पास भेज दिया।