जागृत ब्राह्मण सभा चुनाव में धर्मवीर शर्मा की जीत, महावीर कौशिक को 69 मतों से हराया

पंचकूला, 29 नवंबर (सुरिंदर गोयल) - जागृत ब्राह्मण सभा पंचकूला के चुनाव में इस बार बदलाव की आवाज बुलंद हुई। पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. महावीर कौशिक और सेवानिवृत्त एसडीओ धर्मवीर शर्मा के गुटों के बीच हुए कड़े मुकाबले में धर्मवीर शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. महावीर कौशिक को 69 मतों से पराजित किया। धर्मवीर शर्मा को 327, महावीर कौशिक को 258 और डॉ. राजीव भारद्वाज को 14 मत मिले, जबकि 9 मत अवैध घोषित किए गए।

रविवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चला। सभा के करीब 800 सदस्यों में मतदान को लेकर खासा उत्साह रहा। मतदान केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक भी व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे। चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

चुनाव के दौरान दोनों गुटों ने सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन मांगा। डॉ. महावीर कौशिक गुट ने उनके प्रशासनिक अनुभव, शैक्षणिक योग्यता और पूर्व प्रधान एमपी शर्मा के कार्यकाल में हुए कार्यों को अपनी उपलब्धि बताया। वहीं धर्मवीर शर्मा गुट ने सभा भवन की अनदेखी, नए सदस्यों को संगठन से नहीं जोड़ने और ब्राह्मण समाज के लिए बड़े स्तर पर कार्य नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए। संगठन में बदलाव, पारदर्शिता और समाज के विकास का मुद्दा चुनाव में प्रमुख रहा।

उपाध्यक्ष पद पर शैलेश शर्मा ने 338 मत लेकर एमएस बक्शी (246) को 92 मतों से हराया। तीसरे प्रत्याशी तिवारी को 17 मत मिले और 7 मत अवैध रहे। सचिव पद पर नीरज पाराशर ने 336 मत लेकर जीडी शर्मा (265) को 71 मतों से पराजित किया। संयुक्त सचिव पद पर तरुण दत्त ने 321 मत हासिल कर राजेश वत्स (281) को 40 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर राम निवास शर्मा ने 336 मत लेकर एके शर्मा (265) को 71 मतों से शिकस्त दी।

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जश्न मनाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मवीर शर्मा और उनकी टीम ने मतदाताओं व चुनाव संचालन समिति का आभार जताते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी सभी को साथ लेकर ब्राह्मण समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए कार्य करेगी।

#जागृत ब्राह्मण सभा चुनाव में धर्मवीर शर्मा की जीत
# महावीर कौशिक को 69 मतों से हराया