मंत्रिमंडल में फेरबदल मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार : बाजवा

चंडीगढ़, 13 दिसम्बर (विक्रमजीत सिंह मान): राज्य के ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री स. तृप्त रजिन्द्र सिंह बाजवा ने आज यहां कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल का विशेष अधिकार मुख्यमंत्री का है तथा यदि उनको सही लगता है तो वह मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी मुद्दे बारे फिलहाल उनको कोई जानकारी नहीं है जिसमें पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल होने बारे कोई चर्चा हुई हो। वह आज पंजाब सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेसी विधायक व मुख्यमंत्री के सलाहकार अमरिन्द्र सिंह राजा वड़िंग द्वारा मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग उनकी निजी राय है। उन्होंने कहा कि चाहे राज्य सरकार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है, परन्तु मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए कोई समय सीमा का नियम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार है तथा वह चाहे एक वर्ष में फेरबदल कर लें चाहे छ: माह बाद।