देश की छवि पर दाग हैं विदेशी महिलाओं से दुष्कर्म ! 

देश में इन दिनों दुराचार की वारदातों की बाढ़ है लेकिन इससे भी शर्मनाक स्थिति यह है कि हम वीजा टूर पर आई विदेशी महिलाओं को भी सुरक्षा देने में नाकाम हो रहे हैं और विदेश से भ्रमण के लिए आई महिलाओं के साथ भी लूट दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। एक ओर देश में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की बाढ़ सी आई हुई है और वासना के भूखे भेड़ियों द्वारा स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ भारत में टूरिस्ट वीजा पर घूमने आई तथा अन्य विदेशी महिलाओं के साथ भी बलात्कार किए जा रहे हैं ऐसे हालात में पर्यटन को बढ़ावा देकर राजस्व बढाने की सरकार की नीति को धक्का लगना स्वाभाविक है वहीं इन वारदातों से विश्व मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
आपको कुछ ताज़ा वारदातों की जानकारी देते हैं 2 मार्च, 2024 को ‘दुमका’ (झारखंड) के ‘हंसडीहा’ क्षेत्र में अपने पति के साथ भारत घूमने आई ‘स्पेनिश’ महिला के साथ कुछ लोगों ने उस समय दुष्कर्म कर डाला जब वे दोनों एक टैंट में ठहरे हुए थे। घटना के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
14 जून, 2024 को ‘मैक्लोडगंज’ (धर्मशाला) के ‘भागसूनाग’ में टूरिस्ट वीजा पर हिमाचल घूमने आई ‘पोलैंड’ की एक महिला की मदद करने के बहाने उससे दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक स्थानीय नागरिक को गिरफ्तार किया।
16 जुलाई, 2024 को ‘गुरुग्राम’ (हरियाणा) के एक निजी अस्पताल में सर्जरी के लिए दाखिल ‘कजाखिस्तान’ की महिला से अस्पताल के एक अटैंडैंट ने दुष्कर्म कर डाला। महिला बेहोशी की हालत में थी लेकिन उसकी बेटी ने अटेंडेंट को ऐसा करते हुए देख कर शोर मचा दिया और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
25 जुलाई, 2024 को ‘बूंदी’ (राजस्थान) में शादी का झांसा देकर एक विदेशी महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि ‘मानव सिंह राठौर’ नामक आरोपी उसे ‘अजमेर’ और ‘जयपुर’ के विभिन्न होटलों में 15 दिनों तक रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
24 दिसम्बर, 2024 को ‘आगरा’ (उत्तर प्रदेश) में रहने वाली कनाडा की महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। ‘साहिल शर्मा’ नामक आरोपी ने सोशल नैटवर्किंग ऐप श्टिंडर के जरिए उक्त महिला से दोस्ती की और स्वयं को एक उच्चाधिकारी बताकर महिला को मिलने के लिए होटल में बुला लिया। यहां आरोपी ने उक्त महिला को ड्रिंक में नशा मिला कर पिलाने के बाद बेहोश करके उससे दुष्कर्म किया। 8 मार्च, 2025 को ‘हम्पी’ (कर्नाटक) में झील के किनारे एक 27 वर्षीय इज़रायली पर्यटक व उसकी साथी एवं 3 पुरुष मित्रों के साथ 3 गुंडों द्वारा दुष्कर्म, मारपीट और उन्हें लूट लेने के अलावा उनके एक साथी को झील में धक्का देकर मार डालने का मामला सामने आया।
यह वारदात बेहद गंभीर हैवानियत दरिंदगी बर्बरता की अति है कर्नाटक के कोप्पल ज़िले के गंगावती तालुक में तीन युवकों के विदेशियों के एक समूह पर हमला करके, एक विदेशी सहित दो महिलाओं के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि तालुक के सनापुरा गांव में हुई इस घटना संबंधी गंगावती ग्रामीण पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह घटना गुरुवार रात तुंगभद्रा के लेफ्ट तट नहर के पास पर्यटन स्थल सनापुरा झील के पास हुई। उन्होंने बताया कि अमरीकी और इज़रायली मूल की दो विदेशी पर्यटक (महिला) और दो घरेलू पर्यटकों पर उस समय हमला किया गया जब वे बैठकर गिटार बजा रहे थे। आरोपियों ने पुरुष पर्यटकों को नहर में भी धकेल दिया। बाद में उनके ग्रुप की दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इस घटना में नहर में गिरे ओडिशा के एक युवा पर्यटक बिबास लापता हैं, जबकि अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने अमरीकी पर्यटक डेनियल और इज़रायल की एक महिला, गंगावती तालुक के अनेगोंडी में एक होमस्टे के मालिक, महाराष्ट्र के नासिक के पंकज पटेल और ओडिशा के बिबास हमले का शिकार हुए। 
अब 13 मार्च, 2025 को अपने ‘इंस्टाग्राम मित्र’ कैलाश से मिलने आई एक ‘ब्रिटिश’ महिला से दिल्ली के ‘महिपालपुर’ के एक होटल में छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने का मामला सामने आया। पहले तो होटल की लिफ्ट में एक सफाई कर्मचारी ने उससे छेड़छाड़ की और फिर होटल के कमरे में कैलाश, जिसने शराब पी रखी थी ने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह की घटनाओं के कारण देश की पूरी दुनिया में बदनामी हो रही है।
इससे निश्चित ही भारतीय पर्यटन को धक्का लगेगा व विदेशी मुद्रा से होने वाली आय तथा पर्यटन से पैदा होने वाला रोज़गार भी प्रभावित होगा। अत: इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त होने वालों को तुरन्त और कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए ताकि दूसरों को नसीहत मिले और सरकार को देश में बढ़ रहे यौन हमलों के खिलाफ एक सख्त कदम उठाना चाहिए ताकि भारत को महिलाओं के लिए सुरक्षित देश कहा जा सके।

#देश की छवि पर दाग हैं विदेशी महिलाओं से दुष्कर्म !