भारत का अंतिम रेलवे स्टेशन कौन-सा है ?

‘दीदी, भारत के पास दुनिया के सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क में से एक है।’
‘हां, यह बात तो एकदम सही है। हमारा रेल नेटवर्क शहरों, कस्बों और दूरदराज़ के क्षेत्रों को आपस में जोड़ती हैं।’
‘दरअसल, मैं यह जानना चाहता हूं कि भारत का अंतिम रेलवे स्टेशन कौन सा है?’
‘भारत इतना विशाल देश है कि उसका कोई एक रेल स्टेशन ऐसा नहीं हो सकता जिसे अंतिम कहा जाये।’
‘क्यों?’
‘कुछ रेलवे स्टेशन अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास हैं और पड़ोसी देशों में प्रवेश करने से पहले उन्हें आखिरी स्टेशन माना जा सकता है। ये रेल स्टेशन व्यापार, यात्रा और सुरक्षा के लिए बहुत ज़रूरी हैं। भारत में अलग-अलग दिशाओं में खास टर्मिनल स्टेशन भी हैं, जो रेलवे नेटवर्क के छोर को दिखाते हैं। इनके अतिरिक्त अनेक ज़रूरी टर्मिनल रेलवे स्टेशन अलग-अलग सीमाओं और दिशा के छोर के पास हैं।’
‘मसलन?’
‘पश्चिम बंगाल का सिंहाबाद रेलवे स्टेशन बांग्लादेश की सीमा के पास है, जिसे इस दिशा का अंतिम रेल स्टेशन माना जा सकता है।’
‘यह किस काम में आता है?’
‘मुख्य रूप से भारत व बांग्लादेश के बीच सामान लाने-ले जाने के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। सीमा के पास होने की वजह से यह बॉर्डर पार व्यापार और लोजेस्टिक्स के लिए एक ज़रूरी स्टेशन है।’
‘फिर तो पाकिस्तान सीमा के पास भी कोई अंतिम स्टेशन होगा।’
‘राजस्थान में मुनाबाव रेलवे स्टेशन को पाकिस्तान बॉर्डर के पास आखिरी रेलवे स्टेशन माना जाता है, बॉर्डर पार रेल कनेक्टिविटी के मामले में इसका ऐतिहासिक महत्व है।’
‘अब नेपाल की सीमा के पास वाले अंतिम स्टेशन के बारे में भी बताएं।’ 
‘बिहार का रक्सौल रेलवे स्टेशन नेपाल के पास मौजूद खास बॉर्डर रेलवे स्टेशनों में से एक है। यह स्टेशन पैसेंजर और माल दोनों को ट्रांसपोर्ट करने में मदद करता है।’ 
‘और भौगोलिक दृष्टि से भारत का अंतिम रेलवे स्टेशन कौन सा है?’
‘दक्षिण में तमिलनाडु का कन्याकुमारी और उत्तर में जम्मू कश्मीर का बारामुला। इन्हें भारत के अंतिम रेलवे स्टेशन कहा जा सकता है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#भारत का अंतिम रेलवे स्टेशन कौन-सा है ?