राजा रवि वर्मा : रंगों में जीवित है भारत की आत्मा

167.20 करोड़ रुपये में नीलाम हुई कलाकृति ने कायम किया रिकॉर्ड 

भारतीय कला के विशाल आकाश में कुछ नाम ऐसे हैं, जो केवल कलाकार नहीं बल्कि युग-निर्माता बन जाते हैं। राजा रवि वर्मा ऐसा ही एक अद्वितीय नाम है, जिन्होंने अपने रंगों और कूची के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक आत्मा को न केवल अभिव्यक्त किया, बल्कि उसे जन-जन तक पहुंचाया। उनकी कला ने शास्त्रीयता और आधुनिकता, परम्परा और यथार्थवाद के बीच एक ऐसा सेतु बनाया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। 29 अप्रैल 1848 को केरल के त्रावणकोर राज्य के किलिमानूर में एक कुलीन नायर परिवार में जन्मे रवि वर्मा बचपन से ही चित्रकला की ओर आकर्षित थे। उन्होंने प्रारंभ में दक्षिण भारतीय पारंपरिक शैली में प्रशिक्षण लिया, परन्तु उनकी जिज्ञासा उन्हें यूरोपीय यथार्थवादी कला की ओर भी ले गई।
यूरोपीय कलाकारों से प्रेरणा लेकर उन्होंने प्रकाश, छाया, परिप्रेक्ष्य और शरीर रचना की बारीकियों को सीखा और उसे भारतीय विषयों के साथ इस तरह जोड़ा कि एक नई शैली का जन्म हुआ— एक ऐसी शैली, जिसमें तकनीक पश्चिमी थी, परन्तु आत्मा पूरी तरह भारतीय। रवि वर्मा की सबसे बड़ी देन यह रही कि उन्होंने भारतीय महाकाव्यों और पुराणों के पात्रों को पहली बार जीवंत, मानवीय रूप में चित्रित किया। उनकी बनाई लक्ष्मी, सरस्वती, सीता, द्रौपदी, शकुंतला, दमयंती जैसी छवियां केवल चित्र नहीं रहीं, वे भारतीय जनमानस का स्थायी हिस्सा बन गईं। उनकी पेंटिंग्स में स्त्री केवल सौंदर्य का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदना, शक्ति और चेतना की वाहक के रूप में उभरती है। यही कारण है कि उन्हें भारतीय स्त्री-चित्रण का आधुनिक जनक भी कहा जाता है। 1873 में विएना प्रदर्शनी में सम्मान मिलने के बाद उनकी ख्याति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फैल गई, लेकिन उनकी सबसे क्रांतिकारी पहल थी 1894 में ‘रवि वर्मा प्रिंटिंग प्रेस’ की स्थापना। इस प्रेस के माध्यम से उनकी पेंटिंग्स के लिथोग्राफिक प्रिंट तैयार होकर आम लोगों के घरों तक पहुंचे। पहली बार देवी-देवताओं की सुंदर, सजीव छवियां केवल राजमहलों या मंदिरों तक सीमित न रहकर आम जन की आस्था का हिस्सा बन गईं। रवि वर्मा की कला की विशेषता थी प्रकाश और छाया का संतुलन, भावनाओं की गहराई और सूक्ष्म विवरण। उनकी स्त्रियों के वस्त्र, आभूषण और भाव-भंगिमाएं इतनी सजीव होती थीं कि चित्र देखने वाला उनसे जुड़ाव महसूस करता है। चाहे ‘शकुंतला’ की लज्जा हो या ‘द्रौपदी’ की वेदना, हर चित्र दर्शक के मन में एक कथा जगाता है।
भारतीय कला इतिहास में हाल ही में एक ऐसा अध्याय जुड़ा, जिसने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। रवि वर्मा की प्रसिद्ध पेंटिंग ‘यशोदा और कृष्ण’ ने नीलामी बाजार में अभूतपूर्व सफलता हासिल की। मुंबई में आयोजित सैफरान आर्ट की ‘स्प्रिंग लाइव आक्शन’ में इस कलाकृति की बोली 167.20 करोड़ रुपये (लगभग 18 मिलियन डॉलर) तक पहुंच गई जो किसी भी भारतीय पेंटिंग के लिए अब तक की सबसे ऊंची कीमत है। इस ऐतिहासिक पेंटिंग को सीरम इंस्टिच्यूट आ़फ इंडिया के संस्थापक उद्योगपति साइरस पूनावाला ने खरीदा। अनुमानित कीमत 80-120 करोड़ रुपये के बीच थी लेकिन कला प्रेमियों की प्रतिस्पर्धा ने इसे लगभग दोगुना कर दिया। 1890 के दशक में बनाई गई यह पेंटिंग एक अत्यंत सरल, घरेलू दृश्य को दिव्यता में बदल देती है। चित्र में माता यशोदा गाय का दूध निकाल रही हैं, जबकि बाल कृष्ण पीछे से चुपके से दूध की ओर हाथ बढ़ा रहे हैं। यह दृश्य मातृत्व, स्नेह और बाल-लीला का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। इस नीलामी ने प्रसिद्ध चित्रकार एम.एफ. हुसैन की पेंटिंग के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया, जिसे लगभग 118 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।
 बेशक 2 अक्तूबर 1906 को रवि वर्मा का देहावसान हो गया, लेकिन उनकी कला आज भी जीवित है। भारत सरकार द्वारा उनके सम्मान में डाक टिकट जारी किए गए और देश-विदेश में उनकी कृतियों पर निरंतर शोध हो रहा है। केरल का किलिमानूर आज भी कला प्रेमियों के लिए एक तीर्थस्थल जैसा है, जहां से इस महान कलाकार की यात्रा शुरू हुई थी। राजा रवि वर्मा ने केवल चित्र नहीं बनाए, उन्होंने भारत की आत्मा को रंगों में उतारा। उनकी कला धर्म, साहित्य, संस्कृति और जनजीवन का ऐसा संगम है, जो समय की सीमाओं से परे है। आज भी जब हम किसी देवी-देवता की छवि अपने मन में देखते हैं, तो कहीं न कहीं उसमें रवि वर्मा की कूची की छाप अवश्य होती है। उनकी पेंटिंग्स केवल सौंदर्य का अनुभव नहीं करातीं, बल्कि हमें हमारी जड़ों, हमारी संस्कृति और हमारी पहचान से जोड़ती हैं एक ऐसे दर्पण की तरह, जिसमें भारत स्वयं को देखता है जीवंत, संवेदनशील और रंगों से आलोकित।

-मो. 90412-95900

#राजा रवि वर्मा : रंगों में जीवित है भारत की आत्मा