एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार, टक्कर होते ही उड़े परखच्चे, चार लोगों की मौत
उन्नाव, 12 जून - उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। आसीवन थाना क्षेत्र के नंगाखेड़ा गांव के पास किलोमीटर संख्या 387.6 पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे के आसपास हुई। कार सवार लोग गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आनन फानन घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के नंबर के आधार पर प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक प्रयागराज जनपद के रहने वाले थे। फिलहाल, पुलिस मृतकों की शिनाख्त सुनिश्चित करने के साथ गाड़ी के पंजीकरण विवरण का मिलान कर रही है।

