मध्य प्रदेश: भीषण सड़क हादसे में 5 युवकों की मौ.त, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार
भोपाल, 7 जुलाई- मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह युवक अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी युवक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात रिगरा गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

