स्कूल बस पीले रंग की क्यों होती है?

‘दीदी, मैं जिस बस में स्कूल जाता हूं, वह पीले रंग की है। लेकिन मैंने देखा है कि अन्य स्कूलों की बसें भी पीले ही रंग की हैं। क्या कोई नियम है कि स्कूल बस को पीले रंग का ही होना है?’
‘यह कोई डिज़ाइन चॉइस या परम्परा नहीं है, जिसे जारी रखने का स्कूलों ने फैसला किया।’
‘फिर?’
‘स्कूल बसों का रंग पीला हो, यह अति व्यवहारिक कारण से निर्णय लिया गया, जिसका संबंध सुरक्षा, विज्ञान और यह सुनिश्चित करने से है कि बच्चों को दूर से ही देखा जा सके।’
‘अच्छा और भला वह कैसे?’
‘दरअसल, इसकी शुरुआत एक बहुत ही सरल प्रश्न से हुई। यह 1930 के दशक में अमरीका में ऐसी बसों का प्रयोग किया जाता था, जो एक-दूसरे से बहुत भिन्न दिखायी देती थीं। कुछ नीली थीं, कुछ हरी, लाल या एकदम लकड़ी की। कोई स्टैंडर्ड रंग नहीं था, जिससे व्यस्त सड़कों पर अक्सर उन्हें नोट नहीं किया जाता था।’
‘इससे तो समस्या होती होगी।’
‘हां, इसीलिए शिक्षा विशेषज्ञ डा. फ्रैंक डब्लू सर ने 1939 में एक सम्मेलन का आयोजन किया ताकि स्कूल यातायात के लिए राष्ट्रीय मानक बनाया जा सके। अनेक सुझाव दिये गये, जिनमें से यह स्वीकार कर लिया गया कि प्रत्येक स्कूल बस को समान चमकदार पीले रंग से पेंट किया जाये। आखिरकार इसी रंग को ‘नेशनल स्कूल बस ग्लॉसी येल्लो’ मान लिया गया।’
‘आपने कहा कि इस रंग के चयन का एक वैज्ञानिक कारण भी है।’ 
‘मानव आंख अन्य रंगों की तुलना में पीले रंग को अधिक जल्दी पहचानती है, खासकर दिन की रोशनी में। यह पेड़ों, बिल्डिंगों, बादल भरे आसमान व बारिश में भी अलग दिखायी देता है। गहरे रंग अक्सर अपनी पृष्ठभूमि में रम जाते हैं, जबकि पीला रंग तुरंत ध्यान आकर्षित करता है। इससे अन्य चालकों को प्रतिक्रिया का कुछ अतिरिक्त समय मिल जाता है जब वह स्कूल बस को धीमा होते हुए या रुकते हुए देखते हैं।’
‘यानी स्कूल बस को मौसम की अलग-अलग स्थितियों में स्पॉट करना आसान होता है।’ 
‘स्कूल बस को हर प्रकार के मौसम में चलना होता है, चाहे सुबह की धुंध हो, हल्की बारिश हो, जाड़े की सुबह हो या धूल भरी सड़क, जिससे दिखायी देना कठिन हो जाता है। लेकिन इनमें से अधिकतर स्थितियों में पीला रंग, विशेषकर चमकदार पीला, दिखायी देता है, जिससे स्कूल बस को दूर से देख लिया जाता है। फिर जब बस आगे व पीछे काले रंग से ‘स्कूल बस’ लिखा होता है तो उसे देखना ज्यादा आसान हो जाता है। यही वजह है कि पीला रंग स्कूल सुरक्षा का प्रतीक बन गया है और पूरे संसार में अपनाया जाता है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#स्कूल बस पीले रंग की क्यों होती है?