यमुनानगर - सोम नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, निचले इलाकों में बढ़ी चिंता


यमुनानगर  , 4 अगस्त - लगातार बारिश के बाद छछरौली क्षेत्र में सोम नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। फिलहाल नदी में करीब 9 हजार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है, जबकि 10 हजार क्यूसेक पार करते ही नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगती है। तेज बहाव के कारण नदी किनारे खड़े कई बड़े पेड़ भी बह गए हैं।  सोम और पथराला नदी से जुड़े निचले क्षेत्रों के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश जारी रही तो आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ सकता है।

#यमुनानगर
# सोम नदी