Tamil Nadu: 'मुझे डराया नहीं जा सकता', रिहाई के बाद बोले- उदयनिधि स्टालिन
चेन्नई, 4 अगस्त - तमिलनाडु में डीएमके नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी और कुछ घंटों बाद रिहाई को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद उदयनिधि ने दावा किया कि उन्होंने वह बयान कभी दिया ही नहीं, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार सुबह चेन्नई स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया और तंजावुर के पास सेंगिपट्टी पुलिस स्टेशन ले जाया गया। वहां करीब एक घंटे तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की। मद्रास हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी के करीब नौ घंटे बाद जब वह पुलिस स्टेशन से बाहर निकले तो डीएमके कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

