5,000 मैचों वाला पहला फॉर्मेट बना वनडे क्रिकेट
नई दिल्ली, 8 अगस्त (इंट.) - एकदिवसीय क्रिकेट पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पहला ऐसा फॉर्मेट बन गया है, जिसने 5,000 मैच खेले जाने का ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच खेले गए मैच के साथ वनडे क्रिकेट ने यह उपलब्धि हासिल की।
जनवरी 1971 में शुरुआत के बाद पिछले 55 वर्षों में वनडे क्रिकेट का लगातार विकास हुआ है। कई बार इसके अस्तित्व पर सवाल उठे और कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने इसे उबाऊ बताते हुए बंद करने की मांग भी की। इसके बावजूद वनडे क्रिकेट आज भी क्रिकेट का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
वनडे के पहले 1,000 मैच पूरे होने में 24 साल लगे। 1995 में नॉटिंघम में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 1,000वां वनडे मैच खेला गया था। इसके बाद अगले 31 वर्षों में 4,000 और वनडे मुकाबले खेले गए।
टेस्ट और टी-20 मैचों की संख्या
टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत वनडे से करीब 94 साल पहले हुई थी। पहला टेस्ट मैच 1877 में खेला गया था। वहीं पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2005 में हुआ। टेस्ट क्रिकेट अभी तक 3,000 मैचों के आंकड़े तक नहीं पहुंचा है, जबकि टी-20 क्रिकेट 4,000 मैचों का आंकड़ा पार कर चुका है।
भारत ने जीते 575 वनडे मैच
भारत ने अब तक 1,081 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में 575 मुकाबले जीते हैं। सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने के मामले में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है, लेकिन जीत के मामले में वह शीर्ष पर है। ऑस्ट्रेलिया ने 1,025 मैचों में 619 जीत दर्ज की हैं।
पाकिस्तान ने 1,002 वनडे मैच खेले हैं और 529 मुकाबलों में जीत हासिल की है।

