बड़ी खबर: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियां मारकर हत्या
शामली (उत्तर प्रदेश), 26 अगस्त - उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 32 वर्षीय यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर करीब 18 राउंड फायर किए। सिर और पेट समेत शरीर में पांच गोलियां लगने के बाद अंकित मौके पर गिर पड़े। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सिंगर पर ये जानलेवा हमला शाम करीब 7 बजे के आसपास हुआ है। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावर पहले से ही जिम के बाहर घात लगाकर बैठे थे और अंकित के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भीड़ जमा हो गई और तनाव बढ़ गया। गुस्साए परिजनों और गांव के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

