UP: बाबतपुर एयरपोर्ट पर जांच के दौरान यात्री की बंदूक से चली गोली

वाराणसी, 16 अगस्त - बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान यात्री की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच करने वाली दो कर्मी घायल हो गईं। सूत्रों के अनुसार घायल महिला का नाम सुमन कुमारी और युवक का नाम रोहित राज है। घटना के बाद टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, रविवार 16 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या आईएक्स-1810 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए हथियार घोषित किया था। विमान में ले जाने के लिए घोषित हथियार की जांच एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जा रही थी। इसी दौरान यात्री के हथियार से एक राउंड फायर हो गया। गोली की चपेट में आने से एएआईसीएलएएस के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए।
 

 
#UP
# बाबतपुर
# एयरपोर्ट