अंकित बालियान हत्याकांड पर गरमाई सियासत
शामली, 28 अगस्त - हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को सपा सांसद इकरा हसन और सपा विधायक नाहिद हसन मृतक के घर पहुंचे। दोनों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इकरा हसन ने हत्याकांड के खुलासे में देरी को लेकर शामली पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए।
इकरा हसन ने कहा कि अंकित बालियान की हत्या बेहद दुखद और गंभीर घटना है। उन्होंने सवाल उठाया कि वारदात के समय पुलिस कहां थी और हमलावरों को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि घटना ने शामली की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
सपा सांसद ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बेहतर होने का दावा करती है, लेकिन शामली में हुई इस घटना ने जमीनी हकीकत सामने ला दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
इकरा हसन ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द हत्याकांड का खुलासा नहीं किया तो वह मृतक के परिवार के साथ धरने पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह उनके साथ खड़ी रहेंगी।

