हरियाणा : क्राइम ब्रांच-3 ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
पंचकूला, 1 सितंबर (कपिल) - पंचकूला क्राइम ब्रांच-3 ने मोटरसाइकिल और कार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोटरसाइकिल और दो कारें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को पंजाब के नयागांव से काबू किया गया है।
क्राइम ब्रांच-3 के इंचार्ज तेजिंदर पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पंचकूला में हुई चोरी की वारदातों की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह के बारे में सुराग मिले थे। इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी मैकेनिक बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्यादातर स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी की गई बाइक को खोलकर उसके स्पेयर पार्ट्स अलग-अलग कर बेच दिए जाते थे, जबकि बाकी सामान कबाड़ में बेच दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे की आपूर्ति के लिए मोटरसाइकिल और गाड़ियां चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पंचकूला के मोरनी, हिमाचल प्रदेश के बद्दी और पंजाब के कई इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए वाहन और उनके पार्ट्स कहां तथा किन लोगों को बेचे जाते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी। मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।



