एक कोर्स अनेक लाभ

हमारे संस्थान में कई प्रकार के कोर्स संचालित हैं, जिसमें एक ऐसा कोर्स है, जिसे आजकल लोग ज्यादा ही कर रहे हैं, उस कोर्स का नाम है ‘झूठ को सच साबित कैसे करें।’ इसमें कई चैप्टर हैं, सबसे पहले के चैप्टर में एक वरिष्ठ मंत्री अपने अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारी को कैसे डांटता फटकारता है, यह बेहतरीन ढंग से प्रयोगात्मक ढंग से बताया सिखाया जाता है। 
प्रैक्टिकल के तौर पर हम वीडियो बनाकर दिखाते हैं कि किस तरह बहुत इमोशनल होकर गुस्से से लाल होकर मंत्री कैसे अधिकारी को डांटता-फटकारता है और आधिकारी कैसे थर-थर कांपता है और फिर जब प्रैक्टिकल खत्म होता है तब फिर वही अधिकारी अपने मौलिक रूप में आकर खुश होता है और मंत्री आदतन हंसने लगता है और कहता है, ‘खूब कमाते रहो मेरा हिस्सा समय से पहुंचाते रहो, यह दुनिया एक नाटक है और हम ऐसे ही नाटक करते रहेंगे, लेकिन भाई जिस दिन हमारे हिस्से में गड़बड़ी की तो फिर उस दिन असली नाटक होगा। अधिकारी हें हें करते हुए कहता है, ‘आप के रहमों करम पर यह मलाईदार सीट मिली है सर! फिर दूध पीती बछिया भी कभी अपने माई बाप से बैर करती है।’ 
जनाब इस टाइप के कोर्स को करने से रूह को बहुत सुकून मिलता है और इस भौतिक शरीर को अनेक सुख सुविधाएं प्राप्त होती हैं। हर तरह से लाभ देने वाले इस कोर्स को करके आप भी अनेक लाभ उठाएं। यदि आप मंत्री हैं, तो आप हमारे यहां से पूरा प्रशिक्षण लेकर अपने अधीनस्थ अधिकारियों कर्मचारियों को डांटते फटकारते हुए वीडियो बनवाए, फिर उसको सोशल मीडिया में प्रसारित करा कर आम लोगों की संवेदनाओं से भावनाओं से सीधे जुड़िये। आप आम जनता को, मेरे इस कोर्स के माध्यम से बहुत खुश कर सकते हैं, बहुत प्रभावित कर सकते हैं, जनता देखेगी कि कैसे मंत्री जी उसके लिये कितना संघर्ष कर रहे हैं, कितना भ्रष्टाचार कम करने के लिये दिन-रात एक कर रहे हैं। अंदरूनी अधिकारियों मंत्रियों की इस जुगलबंदी को ईश्वर भी न जान पाएंगे।

-निर्मल नगर लखीमपुर खीरी-262701

#एक कोर्स अनेक लाभ