पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये महंगा
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर - निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में पांच रुपये और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें शनिवार तड़के से लागू हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ने के कारण कंपनी ने यह कदम उठाया है। इससे निजी और सरकारी पेट्रोल पंपों की कीमतों में अंतर बढ़ सकता है। कंपनी के देशभर में 7,108 पेट्रोल पंप हैं।
कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और उससे तैयार होने वाले पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ने से ईंधन कंपनियों पर दबाव है। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं ने भी तेल बाजार को प्रभावित किया है। नायरा की ओर से कीमतों में ताजा बढ़ोतरी पर आधिकारिक प्रतिक्रिया के लिए भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं मिला।

