अमृतसर में इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या
अमृतसर, 3 अक्टूबर- अमृतसर में शनिवार शाम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना करीब शाम 6 बजे लोहारका रोड पर हुई, जहां मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उस पर कथित तौर पर चार गोलियां चलाईं।
गंभीर रूप से घायल मैड संधू को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह सड़क पर घायल हालत में पड़ी दिखाई दे रही है, जबकि उसके साथी उसे उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं।
पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोल भी मिले हैं। मौके पर पहुंचे डी.सी.पी. प्रभजोत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो खोल बरामद किए हैं और मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है।
घटना से कुछ समय पहले, शनिवार शाम करीब 5 बजे, मैड संधू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आखिरी रील साझा की थी। इस रील में वह एक गीत गाती नजर आई, जिसमें शादी के लिए ‘अच्छे लड़के’ की इच्छा और ‘बुरे लड़कों’ के बारे में बात की गई थी।

