चलती डबल डेकर बस में लगी आग: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हादसा, सवारियों में मची अफरा-तफरी

ग्रेटर नोएडा, 6 अक्टूबर - नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के समीप चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ, जिससे एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रही थी। सेक्टर-148 के पास परी चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अचानक बस से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। 
यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में बस से निकलती तेज लपटों और धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा है। इसी दौरान बस में तेज धमाका होता दिखाई देता है। 
धमाके की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन सवार सहम गए। वहीं सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लगने लगीं। 

#बस