'गैंगस्टर-मुक्त पंजाब' मिशन: पंजाब में ताबड़तोड़ रेड का 271वां दिन, धरे गए 215 अपराधी
चंडीगढ़, 19 अक्टूबर - पंजाब को पूरी तरह से अपराध और गैंगस्टर-मुक्त बनाने के अपने संकल्प के तहत राज्य पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। पंजाब पुलिस ने एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ मिलकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ा क्रैकडाउन किया है।
539 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'गैंगस्टरों पर वार' अभियान के 271वें दिन राज्य भर में 539 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 215 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, लंबे समय से फरार चल रहे 6 भगोड़े अपराधियों को भी दबोच लिया गया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 8 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
अब तक 79 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत अब तक राज्य भर में कुल 79,233 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रणनीतिक योजना और लगातार की जा रही कार्रवाई के जरिए पंजाब को भयमुक्त और गैंगस्टर-मुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

