पंजाब में चुनाव से पहले फिर बढ़ी प्रवर्तन निदेशालय की सक्रियता 

पिछले 10-12 वर्षों से एक परम्परा बन गई है कि जिस भी राज्य में विधानसभा का चुनाव होना होता है, वहां चुनाव की घोषणा से कुछ समय पहले केंद्रीय जांच एजेंसियां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और सीबीआई मोर्चा संभाल लेती हैं। चुन-चुन कर विपक्षी नेताओं और उनके रिश्तेदारों के यहां छापे मारे जाते हैं। उनके खिलाफ खोज-खोज कर मामले निकाले जाते हैं। अभी कुछ महीनों बाद पंजाब में चुनाव होना है तो वहां भाजपा और अकाली दल गठबंधन के औपचारिक चुनाव प्रचार की शुरुआत से पहले सब कुछ ईडी के हवाले कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी के कई विधायकों व सांसदों और बड़ी संख्या में अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू हो गई है। राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू के खिलाफ ईडी ने कार्रवाई की है और उन्हें नोटिस देकर बुलाया है। इससे पहले ईडी ने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के कई परिसरों पर छापा मारा था और कार्रवाई शुरू की थी। लेकिन उसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए। उसके बाद से कार्रवाई स्थगित है। अब सतनाम सिंह संधू निशाने पर हैं। आम आदमी पार्टी के चार विधायक पहले से ईडी की कार्रवाई झेल रहे हैं, जिनमें एक संजीव अरोड़ा राज्य सरकार में मंत्री भी हैं। इस बीच पूर्व पुलिस अधिकारी भुल्लर की आत्महत्या के मामले में भी ईडी सक्रिय हो गई है। उसने सात वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है। माना जा रहा है कि चुनाव होने तक इस तरह की कार्रवाई चलती रहेगी। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर भी पुराने मामलों में शिकंजा कस सकता है।
सपा के लिए मुश्किल 
उम्मीदवारों के चयन के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के सामने बाकी किसी भी पार्टी के मुकाबले ज्यादा बड़ी चुनौती है। सपा और कांग्रेस गठबंधन को चुनौती देने के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर ने गठबंधन बना लिया है। इसलिए सपा को सबसे ज्यादा सावधानी से उम्मीदवारों का चयन करना होगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी जिन्हें टिकट नहीं देगी, उन्हें टिकट देने के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टियां तैयार बैठी है। गौरतलब है कि इन दोनों पार्टियों ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, लेकिन इनके पास सब सीटों के लिए उम्मीदवार नहीं हैं। समाजवादी पार्टी पिछले 10 साल से विपक्ष में है और इस दौरान हर सीट पर उसके टिकट के लिए कई नेताओं ने तैयारी की है। लेकिन टिकट किसी एक को मिलेगी है। उनमें से जो नाराज़ होगा और बागी होगा उनको ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ से टिकट मिल सकता है। ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों की नज़र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों और मुस्लिम बहुल सीटों पर है। इन दोनों पार्टियों को उम्मीदवार चयन के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी है।
अलग-थलग पड़े पूर्व कांग्रेस नेता
गत 24 नवम्बर को अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन का ऐलान हुआ। इस मौके की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें गठबंधन का ऐलान कर रहे पांच बड़े नेताओं के पीछे की कतार में सुनील जाखड़ खड़े हैं। हाथ उठाने के लिए भी उनको आगे नहीं लाया गया। केंद्रीय मंत्री और लोकसभा के स्पीकर रहे बलराम जाखड़ के बेटे सुनील जाखड़ एक समय पंजाब में कांग्रेस का हिंदू चेहरा थे। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के सबसे करीबी तो थे ही दिल्ली में भी कांग्रेस के शीर्ष नेता उन्हें पसंद करते थे। लेकिन भाजपा में जाने के बाद उनका महत्व लगभग पूरी तरह से समाप्त हो गया है। ऐसे ही रवनीत सिंह बिट्टू को राहुल गांधी की टीम का सदस्य माना जाता था। वह भाजपा में जाकर लोकसभा का चुनाव हार गए। थोड़े समय के लिए केंद्र में मंत्री रहे, लेकिन अब वहां से भी हटा दिए गए हैं और पंजाब की राजनीति में भी अभी हाशिए पर हैं। हो सकता है कि विधानसभा का चुनाव लड़ें। ऐसे ही सबसे बड़े नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की भी कोई भूमिका नहीं दिख रही है। भाजपा-अकाली गठबंधन के सबसे बड़े समर्थक रहे अमरिंदर सिंह गठबंधन की घोषणा के समय नदारद थे।
यशवंत वर्मा का क्या होगा?
क्या महाभियोग का मामला अगले सत्र में निबटाया जाएगा या किसी तकनीकी आधार पर इसे जस का तस छोड़ दिया जाएगा? यह भी सवाल है कि सरकार न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ मिसाल बनाने के लिए जस्टिस यशवंत वर्मा को महाभियोग के जरिए हटवाएगी या उनके इस्तीफे को स्वीकार करके मामले को रफा-दफा किया जाएगा? अगर उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं होते तो अलग मामला था। लेकिन सबको पता है कि छोटा ही सही, लेकिन इस फैसले का असर राज्य की राजनीति पर होगा। पिछले दिनों जस्टिस यशवंत वर्मा ने कहा कि उनके इस्तीफा देने के बाद महाभियोग का मामला अपने आप समाप्त हो जाता है। हालांकि इस मामले में कानूनी जानकारों के बीच अलग-अलग राय है। कुछ लोगों का कहना है कि उनका इस्तीफा महाभियोग की प्रक्रिया शुरू होने और जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आया है। इसलिए महाभियोग नहीं रोका जा सकता है। हालांकि कुछ बड़े और पुराने न्यायमूर्ति चाहते हैं कि इस विवाद को यही समाप्त कर दिया जाए। उनका कहना है कि महाभियोग के ज़रिए आज तक कोई जज नहीं हटाया गया। अगर जस्टिस वर्मा इस्तीफा नहीं देते तब महाभियोग के जरिए हटाया जा सकता था, लेकिन अब इस्तीफा हो गया तो मामले को समाप्त किया जाए।
केशव का बयान
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल मची है। उन्होंने गत मंगलवार को मीडिया के सामने एक सवाल के जवाब में कह दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कोई मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘कमल का फूल ही मुख्यमंत्री का चेहरा है।’ यह कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई राज्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमल के फूल पर लोगों से वोट मांगे गए हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश का मामला अलग है। वहां में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। 1989 के बाद से उत्तर प्रदेश में किसी पार्टी की सरकार रिपीट नहीं हुई थी। योगी के नेतृत्व में भाजपा 2022 में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। योगी से पहले पिछले पांच दशक में कोई नेता उत्तर प्रदेश में लगातार 10 साल मुख्यमंत्री नहीं रहा। योगी ने कानून व्यवस्था, विकास और हिंदुत्व का अपना एक वृत्तांत बनाया है। ऐसे में केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान हैरान करने वाला है। इसीलिए यह सवाल भी है कि मौर्य का यह बयान उनका अपना है या वे कहीं से निर्देशित हो रहे हैं? यह भी गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पार्टी अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) कार्ड के जवाब में उनको आगे कर रही है। वह गैर यादव पिछड़ी जातियों को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने वाला चेहरा बन रहे हैं। ऐसे में उनके बयान का खास महत्व है।

#पंजाब में चुनाव से पहले फिर बढ़ी प्रवर्तन निदेशालय की सक्रियता