फिर उपजी अन्न-भण्डारण की समस्या

पंजाब में धान की मौजूदा फसल के बाद मंडियों और गोदामों में धान और चावलों के लगे ढेरों ने एक बार फिर न केवल यह सिद्ध किया है कि आज भी यह प्रदेश पूरे देश के लिए अन्न भंडार जैसा होने की क्षणता रखता है, अपितु यह भी पता चलता है कि विगत छह दशक से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बावजूद सरकारें पंजाब के इस रिकार्ड उत्पादन की सार-सम्भाल हेतु पर्याप्त संख्या में गोदाम अथवा अन्य भण्डारण गृहों का निर्माण नहीं कर सकीं। आज़ादी के बाद के समय में नि:संदेह देश में अन्न का संकट था, और उस पर पार पाने के लिए देश की सरकार को अमरीकी गेहूं पर वर्षों तक निर्भर रहना पड़ा था, हालांकि आज़ादी के पहले के दौर में संयुक्त पंजाब बासमती चावल की भूमि माना जाता था। तथापि 60 के दशक में पंजाब में उपजी गेहूं क्रांति ने न केवल आधा रह गये पंजाब के बल पर गेहूं और धान का पर्याप्त उत्पादन किया, अपितु देश को अनाज के उत्पादन में आत्म-निर्भर बनने का गौरव भी हासिल कराया। पंजाब की हरित क्रांति के बाद बेशक देश के अन्य कई राज्यों ने भी अनाज का उत्पादन बढ़ाया, लेकिन अकेले पंजाब को यह श्रेय हासिल हुआ कि अनाज के धरातल पर हम निर्यातक भी हुए। यह एक बहुत अच्छी बात थी किन्तु इसका एक दूसरा पक्ष यह भी उभर कर सामने आया, कि प्रदेश में भिन्न-भिन्न हिस्सों में गेहूं और धान के ढेर जमा होने लगे। नि:संदेह उस समय पंजाब में गोदामों की संख्या अधिक नहीं थी। समकालीन सरकारों और निजी धरातल पर बड़े किसानों और ज़मींदारों ने भी गोदाम बनाए किन्तु बढ़े हुए उत्पादन को सम्भालने के लिए ये गोदाम सदैव नाकाफी सिद्ध होते रहे। नतीजा यह हुआ कि पंजाब भर की मंडियों, गोदामों के बाहर और यहां तक कि रेलवे लाइनों के साथ-साथ मीलों तक गेहूं की बोरियों के ढेर लगने लगे। धान की भारी-भरकम खरीद में भी अड़चनें पैदा होने लगीं, और धान की छंटाई हेतु चावल मिलों में ढेर लग गये। इस कारण प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपये मूल्य के गेहूं और धान के भंडारों का क्षरण होने लगा। बड़ी मात्रा में खुले में पड़ा अन्न धूप और वर्षा में खराब होने लगा, तथा शेष बच्चे अनाज को चूहे, कीड़े और परिन्दे खा गये। नि:संदेह यह स्थिति भयावह होती चली गई। सरकार कोई भी रही हो, प्रत्येक दौर में गेहूं और धान की फसल की कटाई के बाद यह नज़ारा पंजाब के प्रत्येक हिस्से में नज़र आने लगा था। बेशक सरकारों ने स्थितियों की गम्भीरता से निपटने हेतु भरसक यत्न किये। नये गोदाम भी बनाये गये, और खुले में पड़े अनाज की संभाल हेतु तिरपालों आदि की अस्थायी व्यवस्था भी की जाती रही, किन्तु समस्या निरन्तर अधिकाधिक गम्भीर होती चली गई और आज प्रदेश के समक्ष यह समस्या एक  बार फिर से भयावह मुंह बाये खड़ी है।
चालू वर्ष में एक धान का रिकार्ड उत्पादन हुआ है। मंडियों में अभी भी बड़ी मात्रा में धान पड़ा है। मिलों में नये स्टॉक हेतु तिल भर स्थान नहीं है। छंटाई के बाद उपलब्ध चावलों को रखने के लिए भी मिल-मालिक परेशान हो रहे हैं। गोदामों में पड़ा पुराना स्टॉक अभी भी वहीं मौजूद है। पंजाब में धान की छंटाई हेतु लगभग 5500 मिलें हैं, और किसी में भी अतिरिक्त उत्पादन को खपाने की क्षमता शेष नहीं बची। दूसरी ओर प्रदेश में चालू धान के मौसम में 193 मीट्रिक टन से अधिक धान उत्पादित हुआ है। अब मौजूदा सरकार के समक्ष फिर वैसी ही स्थिति दरपेश है जैसी उसके पिछले चार वर्षों में उपजती रही, अथवा पूर्व की सरकारों के समक्ष उत्पन्न होती रही है। सरकार के समक्ष चुनौती यह है कि मिलों में पड़ा लाखों टन चावल  उठान की प्रतीक्षा में खराब होने लगा है। नि:संदेह इस कारण एक ओर जहां धान की खराबी का नुक्सान किसानों को होगा, वहीं उत्पादित चावल के भण्डारण की व्यवस्था न हो पाने से मिल मालिकों को भी अतिरिक्त हानि उठानी पड़ सकती है। 
पिछले वर्ष भी धान के मौसम में ऐसी ही समस्या उत्पन्न हुई थी। मिलों से चावल भण्डारण की उठाई न होने से, केन्द्र से मिलने वाली राशि के भुगतान में भी देरी हुई थी। निष्कर्ष यह कि गाज कहीं भी गिरे, अन्तत: उसका नुक्सान किसानों को होता है। कुछ सीमा तक इसकी क्षति-पूर्ति हेतु ज़िम्मेदारी मिल-मालिकों पर भी आयद होती है। इस बार भी केन्द्र सरकार ने भुगतान की तिथि बढ़ाई है, किन्तु न तो मंडियों से पूरा धान उठाये जाने की कोई पुख्ता व्यवस्था हुई है, न मिलों से चावल उठाये जाने का कोई प्रबन्ध हुआ दिखाई दिया है। 
हम समझते हैं कि नि:संदेह यह स्थिति किसी भी देश-कौम के लिए कदाचित अच्छी नहीं है। पंजाब जैसे सीमांत और अन्न उपजाऊ प्रांत के लिए तो कदापि नहीं। ऐसा भी नहीं है कि इससे पूर्व पंजाब अथवा केन्द्र की सरकारों को चेताया नहीं गया। अनेक बार इस स्थिति को लेकर केन्द्र, प्रदेश सरकार और समाज-चेतना के धरातल पर मन्थन हो चुका है किन्तु समस्या का परनाला वहीं का वहीं है। हम समझते हैं कि समस्या का निदान अथवा निवारण एक प्रकार से इस तरह हो सकता है कि पर्याप्त संख्या में गोदाम अथवा भण्डारण गृह बनाए जाएं। इसके लिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था भी अधिक नहीं करने पड़ेगी। खुले में पड़े अनाज की जितनी बर्बादी प्रत्येक वर्ष होती है, उसे रोक लें, तो दो-चार वर्षों में ही अतिरिक्त गोदामों हेतु धन उपलब्ध हो सकता है। इसके लिए सिर्फ समुचित योजनाबंदी की व्यवस्था करनी होगी। हम यह भी समझते हैं कि यह समस्या केवल पंजाब की नहीं है। इससे पूरे देश की अन्न-व्यवस्था प्रभावित होती है। केन्द्र सरकार को यह भी ध्यान में रखना होगा कि पंजाब में यदि किसान समस्या के कारण अशांति उपजती है, तो सीमांत प्रदेश होने के कारण इसका असर पूरे देश पर पड़ेगा। केन्द्र और पंजाब की सरकारों द्वारा समुचित योजनाबंदी के साथ अन्न भण्डारों की सार-संभाल हेतु जितना जल्दी हो सके, अतिरिक्त भण्डारण की व्यवस्था करने से इस समस्या पर पार पाया जा सकता है। इससे न केवल देश से भूख का कलंक मिटने में मदद मिलेगी, वहीं देश अनाज के मामलों में पूर्णतया आत्म-निर्भर हो सकता है।

#फिर उपजी अन्न-भण्डारण की समस्या