सीबीएसई ने दसवीं के सिलेबस से समाज विज्ञान के पांच अध्याय हटाए

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने इस शैक्षाणिक सत्र से दसवीं कक्षा के सिलेबस से समाज विज्ञान के पांच अध्यायों को हटाने का फैसला किया है। नए पाठ्यक्रम के मुताबिक, हटाए गए अध्यायों में तीन राजनीतिक अध्ययन और दो पर्यावरण पर हैं। ये अध्याय आंतरिक मूल्यांकन का हिस्सा होंगे लेकिन बोर्ड की परीक्षा में इन्हें शामिल नहीं किया जाएगा। ये अध्याय हैं-शासन व्यवस्था के साथ ही राजनीतिक सुधार के समक्ष समस्याओं के संबंध में‘लोकतंत्र की चुनौती’, सामाजिक विभेद की राजनीति पर ‘लोकतंत्र और विविधता’, नेपाल और बोलीविया समेत अन्य स्थानों में संघर्ष विषय पर ‘राजनीतिक संघर्ष और आंदोलन’। दो अन्य अध्यायों में जैव विविधता, घटते वन, एशियाई चीता और अन्य लुप्तप्राय प्राणियों के बारे में ‘वन और वन्य जीव’ तथा जल संरक्षण विषय पर ‘जल संसाधन’ हैं।