83 भारतीय प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र पदक  से होंगे सम्मानित

संयुक्त राष्ट्र, 27 मई (भाषा): संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियानों में सेवा देते हुए पिछले साल अपनी जान न्यौछावर करने वाले पांच भारतीय शांति रक्षकों समेत 83 सैन्य, पुलिस और असैन्य कर्मियों को मरणोपरांत प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र पदक से इस हफ्ते सम्मानित किया जाएगा। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र के मिशन में सेवा देने वाले मेजर रवि इंदर सिंह संधू और सर्जेंट लाल मनोत्रा तारसेम, लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में सर्जेंट रमेश सिंह, यूएन डिसएंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स में काम करने वाले पी. जॉनसन बेक और कांगो में संयुक्त राष्ट्र के मिशन में काम करने वाले एडवर्ड ए. पिंटो को 29 मई को अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस पर मरणोपरांत ‘दैग हैमरस्कोल्द पदक’ दिया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव 1948 के बाद अपनी जान गंवाने वाले सभी संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।