पंजाब व हरियाणा में बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत

नई दिल्ली, 29 मई (भाषा) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा तथा पंजाब के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, जबकि उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुरा देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में आए बदलाव से राजस्थान के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली जहां अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। हालांकि, इसके बावजूद राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। राजस्थान में कुछ दिनों पहले अधिकतम तापमान 50.0 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। चंडीगढ़ तथा हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा कि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम है। पंजाब के, पटियाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री कम 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  लुधियाना में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला, करनाल, हिसार और नारनौल में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम क्रमश: 30.4, 29.8, 37 और 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।