महिला आरक्षण बिल का पारित होना मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि

संसार में कोई भी मनुष्य जब कोई काम ईमानदारी से करता है तो ईश्वर भी उसे पूरी शिद्दत से मदद करने को आतुर रहता है। संघ के प्रचारक के रूप में अपनी जीवन को आहूत करने वाला एक चाय बेचने वाले के बेटे नरेंद्र भाई मोदी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वह एक दिन भारत के प्रधानमंत्री के रूप में काम करेंगे। लेकिन ऐसा हुआ और इसलिए हुआ क्योंकि वह व्यक्ति अपने काम के प्रति शुरू से ही ईमानदार थे और ईश्वर ने उसकी मदद की। पिछले दिनों महिला आरक्षण बिल जिस तरह दोनों सदनों से पास हुआ, वह मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हुई। ये बिल वर्षों से लंबित था कोई भी दल इसे पारित नहीं करवा सका लेकिन मोदी सरकार ने आनन फानन में लाकर इस बिल को ऐसे पास करवा दिया जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। राज्य सभा में सर्वसम्मति से और लोकसभा में केवल ओवैसी के दो सांसदों को छोड़कर सभी ने समर्थन जताया।
भाजपा की सरकार ने जिस तरह अपने पूरे नौ साल के कार्यकाल में तीन तलाक जैसे कानून और धारा 370 को हटाने वाला कानून पास किया, वह भाजपा और नरेंद्र मोदी के लिये अभूतपूर्व कार्य था जिसे पिछली सरकार सोच भी नहीं सकती थी। नरेन्द्र मोदी ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री के तीन कार्यकाल के दरम्यान गुजरात की तस्वीर बदल दी। उसी तरह देश के प्रधानमंत्री के पद पर कार्य करते हुए देश की दशा और दिशा ही बदल दी। देश के हित के लिए जितने महत्वपूर्ण निर्णय मोदी ने लिए, उसे पूर्व की सरकारें कभी सोच भी नहीं सकती थीं। दरअसल आप जैसे ही ईमानदार हो जाते हो, वैसे ही आपके द्वारा स्वत: अच्छे कार्य होने लगते हैं और यहीं मोदी के साथ हो रहा है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से छुटकारा मोदी सरकार ने दिलवाया, अगर चाहते तो इसे छोड़ भी सकते थे लेकिन देश हित में बिना ये सोचे कि हमें इससे क्या लेना देना उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से निजाद दिलाई। धारा 370 और 35 एक ऐसा कानून था, जो हर भारतीय के अंदर तीर की तरह चुभता था। उसे भी एक झटके में हटा दिया। राम मंदिर जैसा कठिन मसला रातों रात सुलझा लिया। जब आप राजनीति ईमानदारी से करने लगते हैं, तो देश हित की बात अपने आप होने लगती है। पहली सरकारों ने सिवाय तुष्टिकरण के कुछ भी नहीं किया।
देश की कोई भी पॉलिसी सभी के लिए होती है। अगर अस्सी करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज मिल रहा है, तो इसमें देश के प्रत्येक वर्ग के लोग इसमें शामिल हैं। आयुष्मान योजना सबके लिए है। शौचालय बना तो सबके लिए बना है। भारत के भविष्य के लिए 2024 का चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। अब मज़बूत सरकार आती है, तो  शायद पी.ओ.के. भी हमारे देश का हिस्सा बन सकता है और इससे आतंकवाद पर एक पूर्णविराम लग जायेगा। नरेन्द्र मोदी के इस शासनकाल में यू.सी.सी. के कानून को पास करवाना एक महत्वपूर्ण कार्य है जिसे अगले सत्र में हम शायद पारित होते देखें। 
इस देश में एक कानून सबके लिए होना ही चाहिये। संविधान में कुछ विसंगतियां रही हैं जिसे अब दूर करने की ज़रूरत है। अब ढुलमुल रवैया से काम नहीं चलने वाला है। आज देश को हर तरफ से सशक्त करने की ज़रूरत है चाहे वह कोई भी क्षेत्र हो। नए संसद के निर्माण से लेकर कन्वेंशन सेंटर का निर्माण देश के लिए अभूतपूर्व सफलता है। आज देश में बड़ी सी बड़ी परियोजना तय समय पर और बिना भ्रष्टाचार के पूरी हो रही है, जो पहले की सरकारों के कार्यकाल में नामुमकिन था। आज भारत विरोधी विदेशी शक्तियां भी भारत के प्रगति से अचंभित हैं। आज उन्हें देश की प्रगति से पेट में दर्द हो रहा है। आज भारत विरोधी शक्तियां पीछे पड़ी हुई है। वे विदेशी ताकतें भारत को समृद्ध होते नहीं देखना चाहती हैं। आज देश के हर देशवासियों को इन बातों को गहराई से समझना होगा। अभी देश के लिए अच्छी और मज़बूत सरकार का होना बहुत ज़रूरी है वरना देश फिर से उसी भ्रष्टाचार के दौर में लौट जाएगा या सिर्फ तुष्टिकरण के लिए काम किया जाएगा। अब हम सभी भारतवासियों की जवाबदेही है कि पुर्ण बहुमत से अच्छी सरकार देने का पहल हो ताकि हमारे देश पर दुश्मन देश आंख उठाकर देखने का साहस न कर सके। हम सभी पर ही निर्भर करता है कि मेरा देश किस प्रकार प्रगति के राह पर चलते रहे।