अभय सिंह चौटाला बने इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ओम प्रकाश चौटाला के स्थान पर इनेलो का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। अभय सिंह चौटाला इससे पहले कई बार विधायक व नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। अभी तक वे इनेलो के मुख्य महासचिव पद पर थे। इनेलो ने पार्टी की राष्ट्रीय व राज्य कार्यकारिणी का भी गठन कर लिया है। इस बार अभय चौटाला ऐलनाबाद से चुनाव हार गए थे, लेकिन उनके छोटे बेटे अर्जुन चौटाला रानियां से और चचेरे भाई आदित्य देवीलाल डबवाली से विधायक चुने गए हैं। इनेलो प्रमुख रहे स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का करीब 3 महीने पहले निधन हो गया था। उसके बाद से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद खाली था। इनेलो संसदीय कार्यसमिति की बैठक में अभय चौटाला को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी के अन्य पदाधिकारियों की नियुक्त का अधिकार भी अभय चौटाला को दिया गया।
4 दशक तक केन्द्र बिंदु रही पार्टी
हरियाणा में करीब 4 दशक तक चौधरी देवीलाल व ओम प्रकाश चौटाला की पार्टी या तो प्रदेश में सत्तारूढ़ होती थी या फिर उनकी पार्टी मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभाते हुए प्रदेश की राजनीति का केंद्र बिंदु रहती थी। 2009 में इनेलो के 31 व कांग्रेस के 40 विधायक चुने गए थे। कांग्रेस ने हजकां के बागी विधायकों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी। 2013 में ओम प्रकाश चौटाला व उनके बड़े बेटे अजय सिंह चौटाला को जेबीटी भर्ती मामले में 10 साल की सजा होने के बाद पार्टी के समक्ष काफी चुनौतीपूर्ण समय आ गया। 2014 में भी इनेलो मुख्य विपक्षी पार्टी थी और इनेलो के 19 विधायक व कांग्रेस के 16 विधायक चुनकर आए थे।
परिवार में विभाजन का हुआ असर
2018 में परिवार व पार्टी में विभाजन होने पर इनेलो के समक्ष कई चुनौतियां आ गई। परिवार में मतभेद होने के बाद ओम प्रकाश चौटाला ने अपने बड़े बेटे अजय चौटाला व पौते दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला को पार्टी से बाहर निकाल दिया। इसके बाद अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला ने जननायक जनता पार्टी के नाम से अपनी अलग पार्टी बना ली और 2019 के चुनाव में जजपा को 10 सीटें मिली और इनेलो को एकमात्र अभय चौटाला की ऐलनाबाद सीट मिली थी। भाजपा को पूर्ण बहुमत न मिलने पर भाजपा ने जजपा को साथ लेकर सरकार बनाई और दुष्यंत चौटाला गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। दुष्यंत के अलावा जजपा कोटे से देवेंद्र बबली केबिनेट मंत्री और अनूप धानक राज्य मंत्री बनें। इसके अलावा जजपा के कई नेता प्रदेश स्तरीय चेयरमैन भी बनाए गए। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने जजपा से नाता तोड़ लिया और हरियाणा में मनोहर लाल के स्थान पर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया। नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जहां 48 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। वहीं कांग्रेस के 37, इनेलो के 2 व 3 निर्दलीय विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे। इन चुनाव में जजपा को कोई सीट नहीं मिली।
इनेलो को फिर से खड़ा करना चुनौती
इस बार 2024 के विधानसभा चुनाव में अभय सिंह चौटाला की इनेलो की गढ़ माने जाने वाले ऐलनाबाद हल्के से हुई हार भी पार्टी के लिए एक बड़ा सदमा बन कर आई। अब इनेलो की पूरी कमान अभय चौटाला के कंधों पर आ गई है। उनके लिए पार्टी को फिर से खड़ा करना और इनेलो को प्रदेश की राजनीति की मुख्य धारा में फिर से लाकर स्थापित करना एक बड़ी चुनौती है। इनेलो संसदीय कार्यसमिति की जिस बैठक में अभय चौटाला को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया उस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इनेलो नेता प्रदेशभर में जन संपर्क यात्रा शुरू करेंगे और प्रदेश के एक-एक गांव में जाकर लोगों से रू-ब-रू होंगे। इस जन संपर्क यात्रा के दौरान इनेलो नेता रोज़ाना करीब एक दर्जन गांवों का दौरा करेंगे और चौधरी देवीलाल व ओम प्रकाश चौटाला के संघर्ष के साथी रहे पुराने कार्यकर्त्ताओं से भी संपर्क करके उन्हें फिर से सक्रिय करके साथ जोड़ने के अलावा के उनसे सहयोग और समर्थन भी मांगेंगे। वैसे तो इस बैठक में इनेलो की ओर से हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब व हिमाचल के भी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, लेकिन इनेलो का मुख्य प्रभाव हरियाणा में ही रहा है और पार्टी को हरियाणा में फिर से अपनी खोई हुई जमीन व जनाधार पाने के लिए भारी मेहनत और संघर्ष करना पड़ेगा।
मोदी 14 को करेंगे हरियाणा दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को हरियाणा का दौरा करेंगे। 14 अप्रैल बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती है और इस अवसर पर एक राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री इस दिन हरियाणा के लोगों को दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इस दिन प्रधानमंत्री हिसार से हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। हिसार स्थित महाराजा अग्रसैन हवाई अड्डे के निर्माण का पहला चरण पूरा हो चुका है। हिसार में 300 मीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है और यहां से 180 यात्रियों तक की क्षमता तक की एयर बस का संचालन किया जा सकता है। शुरू में हिसार से अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद व जम्मू के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना है। हिसार में 7200 एकड़ में एकीकृत विमानन हब का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से 4200 एकड़ में हवाई अड्डा और 3000 एकड़ में समेकित विनिर्माण क्लस्टर (इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) स्थापित किया जा रहा है। इस पूरी परियोजना का निर्माण 3 चरणों में होगा। जबकि पहला चरण मुकम्मल हो गया है।
हिसार के बाद अंबाला का नंबर
हिसार का हवाई अड्डा हरियाणा में बनने वाला पहला हवाई अड्डा है जहां से अलग-अलग शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू होंगी। इसके अलावा हरियाणा के बिजली व परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला में भी हवाई अड्डा बनाने और वहां से हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। अंबाला हवाई अड्डा के पूरा होने के बाद उसके शुभारंभ के लिए भी फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश में आमंत्रित किए जाने व उनके हाथों से कुछ अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास व शुभारंभ करवाने की भी चर्चा हो रही हैं। वैसे दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट बेशक दिल्ली में मौजूद है लेकिन वह गुरुग्राम के बिल्कुल साथ लगने की वजह से गुरुग्राम के विकास में दिल्ली एयरपोर्ट की बहुत बड़ी भूमिका रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ में स्थापित किए गए शहीद-ए-आजम भगत सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण में हरियाणा ने भी बराबर का योगदान डाला था और हरियाणा के पंचकूला व अंबाला जैसे कई ज़िलों के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट भी काफी नजदीक पड़ता है। हिसार एयरपोर्ट का हरियाणावासियों को कितना लाभ होगा, यह तो समय बताएगा, लेकिन इससे हिसार व आसपास के इलाकों को ज़रूर फायदा होने की उम्मीद है।
थर्मल प्लांट का शिलान्यास
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को यमुनानगर स्थित दीनबंधू चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्रोजैक्ट की 800 मेगावॉट की नई इकाई का भी शिलान्यास करेंगे। इस पर 7272 करोड़ रुपए लागत आएगी। इससे हरियाणा की घरेलू उर्जा उत्पादन क्षमता 3382 मेगावॉट तक बढ़ जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने में 52 महीने की समयसीमा तय की गई है जबकि कमर्शियल संचालन 48 महीनों के अंदर शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे के लिए प्रदेश सरकार की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है।
मो.-9855465946