भक्ति एवं श्रद्धा का संगम स्थल है जनकपुर धाम

नेपाल का जनकपुर धाम अपने दामन में अनेक सांस्कृतिक धरोहरों को समेटे हुए है। यहां आध्यात्मिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण स्थलों की गणना करना एक दुरूह कार्य है। जनकपुरधाम में असंख्य मंदिरों का होना अपने आप में उपलब्धि है। आज जनकपुर पर्यटकों के लिए पर्यटन का मुख्य केन्द्र बन चुका है।
प्राचीन काल से ही जनक, सुनैना आदि परिवार का दर्शनीय मन्दिर है जानकी मन्दिर। मिथिला अम्बा के हृदय प्रांगण जनकपुर धाम में यह मंदिर है, जानकी मन्दिर।  यहां आदि काल से ही राजा जनक और सुनैना की मूर्तियां भी विद्यमान हैं।
आस्था और आध्यात्मिकता का मंजुल मिश्रण किये इस मन्दिर में स्थापित मूर्तियां अति प्राचीन लगती हैं। मंदिर के आंतरिक भाग में जानकी और राम के साथ ही लक्ष्मण की मूर्तियां हैं। इस मंदिर की यह परंपरा रही है कि सभी मंदिर महंथ परंपरा से ही संचालित होते आ रहे हैं। मन्दिर के प्रत्येक इलाके को उसकी पट्टी के नाम से जाना जाता है जैसे रामपट्टी, राम मंदिर के इलाके को कहा जाता है। इसी प्रकार लक्ष्मण पट्टी, जानकी पट्टी आदि अनेक भाग हैं। इस मंदिर के विकास के लिए नेपाल महाराज द्वारा समय-समय पर आर्थिक सहायता दी जाती रही है।
जनकपुर धाम के विशाल गढ़ की लंबाई 15 कि.मी. पूरब, 15 कि.मी. पश्चिम तथा इतना ही उत्तर तथा दक्षिण में भी है। धाम के पश्चिम में गलेश्वर नाथ महादेव एवं माण्डेश्वर नाथ महादेव का मंदिर है। उत्तर में क्षिरेश्वर नाथ एवं पर्वतेश्वर नाथ का मंदिर है। पूरब में सिंघेश्वरनाथ एवं महेश्वर नाथ महादेव का मंदिर है। दक्षिण में कल्याणेश्वर नाथ एवं विश्वनाथ महादेव का मंदिर है। इसी प्रकार जनकपुर धाम के पश्चिम में बानिमाची ऋषि का आश्रम है। उत्तर में याज्ञवल्क्य ऋषि का आश्रम, पूरब में महर्षि विश्वामित्र का मंदिर तथा दक्षिण में विभाण्डक मुनि का आश्रम स्थित है।
इतिहास के अनुसार मुनियों द्वारा इस जनकपुर धाम के पांच कोस तक गुप्त रूप से परिक्रमा की जाती थी। उसी समय गंगासागर के पूर्वी तट पर वटवृक्ष के नीचे मस्तरामाचार्य तपस्या में लीन थे। उन्होंने तपस्या के क्र म में ही एक दिन हनुमान जी का दर्शन पाया। कुछ दिनों के बाद उसी स्थान पर शेषावतार लक्ष्मण तथा लव-कुश की मूर्ति धरती के अन्दर से प्रकट हुईं। इस स्थान के कुछ ही दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे राजा जनक के दरबार की मूर्तियां भी मिली। उसी समय से उक्त मूर्तियों की पूजा-अर्चना शुरू हो गयी।
नेपाल नरेश तथा हिकमगढ़ महाराजा के सहयोग से जानकी मंदिर का निर्माण कराया गया। कहा जाता है कि हिकमगढ़ महाराज की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने एक के बाद एक तीन औरतों से शादी की किंतु तीनों रानियों में से किसी के सन्तान नहीं हुई। उस समय महन्थ राजकिशोर शरण वहां की पूजा किया करते थे। एक दिन हिकमगढ़ महाराज अपनी तीनों रानियों के साथ जनकपुर धाम दर्शन के लिए पहुंचे। महन्थ राजकिशोर शरण ने उन्हें पुत्र प्राप्ति का आशीर्वाद प्रदान किया। ईश्वर की कृपा से तीनों रानियों ने समयानुसार एक-एक पुत्र को जन्म दिया। महाराज अपने पुत्रों एवं रानियों के साथ फिर से जनकपुर धाम आये और उन्होंने जानकी मंदिर का निर्माण कराना शुरू किया। उस समय इस मंदिर के निर्माण में नौ लाख रूपये का खर्च आया था। इसी से इस मन्दिर को ’नौलखा’ मंदिर भी कहा जाने लगा।जनकपुर धाम में अगहन (अग्रहण) माह के शुक्लपक्ष की पंचमी तिथि को ’विवाह पंचमी’ महोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया जाता है। इस अवसर पर लाखों की संख्या में भक्तगण जुटते हैं। सभी मूर्तियों पर नये-नये वस्त्र-आभूषण आदि चढ़ाये जाते हैं।इस मंदिर को लोग जागृत मानते हैं क्योंकि यहां भक्तों की सच्चे मन से मांगी गयी मुरादें अवश्य ही पूरी होती हैं। यहां लोग अपने बच्चों का मुंडन, उपनयन आदि भी कराते हैं। लोगों का मानना है कि विवाह के बाद जो विवाहित जोड़े इस धाम में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं, उनका पारिवारिक (दांपत्य) जीवन सुखमय बीतता है और सन्तति तथा सभी भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है।
जनकपुर धाम स्थित जानकी एवं राम मंदिर सिद्धपीठ की तरह उदीयमान हैं। मंदिर के इर्द-गिर्द अनोखे शिला लेख भी देखने को मिलते हें। यहां एक तालाब है जिसका  नाम ‘गंगासागर’ है। इस तालाब के विषय में बताया जाता है कि महाराज जनक ने ‘शिव धनुष’ की पूजा के लिए पवित्र जल की मांग की थी और शिव ने स्वयं आकाश से यहां जल प्रदान किया था।  (उर्वशी)

#भक्ति एवं श्रद्धा का संगम स्थल है जनकपुर धाम