क्या हरियाणा के कांग्रेसी राहुल गांधी की नसीहत पर अमल करेंगे ?

पिछले दिनों कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चंडीगढ़ आए थे। हरियाणा के कांग्रेस नेताओं को उन्होंने एकजुटता का पाठ पढ़ाया था। संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दे गए थे। प्रक्रिया शुरू भी हो गई है और उम्मीद है कि अगले महीने के आखिर तक संगठन बन भी जाएगा। सब जानते हैं कि पिछले ग्यारह साल से जिलों और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस का संगठन नहीं है। यही वजह है कि कांग्रेस हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद के बावजूद विधानसभा चुनाव हार गई। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान का संगठन को लेकर गंभीर होना स्वाभाविक है।
भले ही जिलों और ब्लॉक स्तर पर संगठन बन जाएं, लेकिन कांग्रेसी एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने लग जाएंगे, यह असंभव है। गुटों में बंटी कांग्रेस एकजुट हो जाए, लगता नहीं है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या हरियाणा के कांग्रेसी नेता राहुल गांधी की एकजुटता की नसीहत पर अमल करेंगे? वैसे इस बार राहुल गांधी हरियाणा में कांग्रेस का संगठन तैयार करने में काफी गंभीर लग रहे हैं और इस बारे में अब तक कई बैठकें भी कर चुके हैं।
किस्मत के धनी अनुराग रस्तोगी
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी किस्मत के धनी हैं। मुख्य सचिव की कुर्सी की तरफ नजर गड़ाए बैठे उन वरिष्ठ आईएएस अफसरों को निश्चित ही झटका लगा होगा, जो 30 जून का इंतजार कर रहे थे। अनुराग रस्तोगी को इसी दिन रिटायर हो जाना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हरियाणा सरकार ने केंद्र से अनुराग रस्तोगी के कार्यकाल में वृद्धि का आग्रह किया और इसे बिना देर किए केंद्र सरकार ने मंजूर भी कर लिया। अनुराग रस्तोगी अब वर्ष 2025 में नहीं, बल्कि वर्ष 2026 में रिटायर होंगे। बरसों बाद शायद यह पहला मौका है, जब किसी मुख्य सचिव को सीधे एक साल की सेवा वृद्धि मिली है। अनुराग रस्तोगी विवादों से दूर रहते हैं और उनके बारे में कहा जाता है कि वह किसी मामले को लटकाने के बजाए फौरन फैसला करने में यकीन करते हैं।
बिजली दरों का झटका
हरियाणा सरकार ने चुपचाप बिजली दरों में बढ़ोतरी कर लोगों को जोर का झटका दिया है। लोगों को उस समय बड़ी हैरानी हुई, जब उन्हें बिजली के ताजा बिल मिले। भारी-भरकम बिल देख कर उन्हें लगा कि कर्मचारियों की लापरवाही से ऐसा हो गया होगा, लेकिन पता किया तो साफ हो गया कि बिल ठीक हैं और यह राज्य सरकार के चुपचाप बिजली दरों में वृद्धि करने का नतीजा है। बिजली की दरों में बढ़ोतरी की विपक्षी दलों को भी भनक नहीं लगी। जब लोगों ने नाराजगी जतानी शुरू की तो विरोधी पार्टियां भी धड़ाधड़ बयान दागने लगीं। बढ़ी दरें वापस लेने पर जोर दिया जाने लगा। आंदोलन की चेतावनी दी गई। इसमें कोई शक नहीं है कि जनता पहले ही महंगाई की मार से त्रस्त है। बिजली दरों में वृद्धि से उन पर बोझ और बढ़ेगा। आम जनता यह सब झेलने को मजबूर है, लेकिन देखना है कि विपक्षी दल अपने कहे मुताबिक राज्य सरकार को बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने को बाध्य कर पाते हैं या नहीं? 
छोकर को ज़मानत
हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छोकर को पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट से कुछ दिनों के लिए जमानत मिल गई है। छोकर को ईडी ने थोड़े दिन पहले दिल्ली में गिरफ्तार किया था। समालखा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके छोकर एक नामी बिल्डर भी हैं। छोकर पर आरोप है कि उनके परिवार की कम्पनी ने लोगों से पैसे लेने के बाद भी उन्हें मकान नहीं दिए। लंबे अर्से से भटक रहे लोगों को कोई राहत नहीं मिली। लोगों का अपनी छत होने का सपना आज तक पूरा नहीं हो पाया है। पूरा होगा या नहीं, इस बारे में दावे के साथ अभी भी कुछ कहना संभव नहीं है। छोकर ने अपनी गिरफ्तारी के दौरान ईडी पर ज्यादती के आरोप लगाए थे। गिरफ्तारी के समय जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें साफ दिखाई दे रहा था कि छोकर को सड़क पर गिरा दिया गया और उनकी कमीज भी फट गई थी। राजनीतिक लोग ऐसे मामलों को अपने पक्ष में भुनाने में माहिर होते हैं। देखना है कि छोकर इस मामले में क्या करते हैं? 
बड़ौली या कोई और ? 
हरियाणा में भाजपा की कमान फिर से पंडित मोहन लाल बड़ौली को ही मिलेगी या कोई नया चेहरा सामने आएगा? बड़ौली समर्थकों को उम्मीद है कि पार्टी एक बार फिर उन्हीं पर भरोसा जाहिर करेगी। हो सकता है कि हरियाणा में भाजपा के अध्यक्ष से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला किया जाए। फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष ही राज्य इकाइयों के बारे में कोई फैसला लें। पार्टी के नए अध्यक्ष का फैसला लंबे अर्से से अटका पड़ा है। बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सैनी के बीच अच्छा तालमेल है। दोनों मिल कर चल रहे हैं। कहीं कोई मतभेद नजर नहीं आते, लेकिन पार्टी में भी एक ऐसा खेमा है, जो नहीं चाहता कि बड़ौली को फिर से पार्टी की कमान मिले। क्या होगा, यह जानने के लिए कुछ समय इंतजार तो करना ही पड़ेगा। वैसे बड़ौली के स्थान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पाने वालों की लंबी लाइन लगी हुई है जो अपने अपने तरीके से अध्यक्ष बनने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।

-मो.-9855465946
 

#की नसीहत पर अमल करेंगे ?