रादौर के बस स्टैंड पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का  जोरदार प्रदर्शन


 रादौर , 9 जुलाई - केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर रादौर के बस स्टैंड पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। हड़ताल में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के किसान नेता भी शामिल हुए, जिन्होंने कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। 
 कर्मचारी नेता महिपाल चमरोड़ी ने कहा कि सरकार जनविरोधी नीतियां चला रही है, जिससे कर्मचारियों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज की हड़ताल केवल एक चेतावनी है। अगर सरकार ने जल्द हमारी मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो आगे आंदोलन को लंबा खींचा जा सकता है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, निजीकरण पर रोक जैसे कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

#रादौर