कब तक चलेगा डायन करार देकर जघन्य हत्याओं का सिलसिला 

बिहार के एक गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों को अंधविश्वास और पाखंड के चलते डायन करार देकर जिंदा जला दिया गया। देश के कई हिस्सों में समय-समय पर खासकर आदिवासियों और गरीबी से ग्रस्त समुदाय के लोगों को डायन बता कर मार देने का सिलसिला सैकड़ों साल से चल रहा है आज़ादी के बाद भी हर साल दर्जनों महिलाओं पुरुषों को डायन करार देकर मौत के घाट उतार दिया जाता है। आपको बता दें बिहार के पूर्णिया ज़िले के टेटमा गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों को डायन बताकर ज़िंदा जला दिया जाना आधुनिक भारत के माथे पर एक शर्मनाक धब्बा है। यह घटना किसी एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि हमारे समाज की उस सामूहिक असफलता की गवाही है जिसमें विज्ञान की उपलब्धियों की चमक के बीच अंधविश्वास का अंधेरा आज भी कई जीवन निगल रहा है।  आज भारत विश्व गुरु बनने की बात कर रहा है। चंद्रयान और गगनयान जैसे अभियानों पर करोड़ों का निवेश कर रहा है। एक ओर आर्टिफिशियल इंटेलिजेस और क्वांटम कंप्यूटिंग की दिशा में अग्रसर है लेकिन  इन वैज्ञानिक उपलब्धियों का कोई मायने नहीं रह जाते है, जब हमारे गांवों में ही दो सौ से अधिक लोगों की भीड़ एक बीमार बच्चे के लिए किसी परिवार को जिम्मेदार ठहरा कर जादू टोने का इल्जाम लगा कर जिंदा जला कर मार देती है। यह घटना साफ दर्शाती है कि हमारे देश में आज भी कानून व्यवस्था की स्थिति कितनी लचर और बेकार है कि लोग बेखौफ होकर लाचार गरीब अशिक्षित लोगों खासकर महिलाओं के खून से हाथ रंग रहे हैं उन्हें पुलिस कानून किसी का भय नहीं है। भारत में विज्ञान के विस्तार और वैज्ञानिक चेतना के विस्तार के बीच एक गहरी खाई है। हम तरक्की कर रहे है, लेकिन समाज के भीतर वैज्ञानिक सोच नहीं बना पा रहे हैं। डायन प्रथा जैसी बर्बर कुप्रथा आज भी जीवित है। 
दरअसल हमने शिक्षा को केवल परीक्षा को पास करने का माध्यम बना दिया है। सोचने, तर्क करने और जिज्ञासा से सच्चाई तलाशने का अभ्यास नहीं कर रहे हैं। यह घटना सवाल उठाती है कि आखिर हमारी स्कूल व्यवस्था हमारे सामाजिक जागरूकता अभियान व हमारे जनप्रतिनिमि इस अंधविश्वास से लड़ने में क्यों विफल हो रहे हैं? आज भी बिहार के हजारों गांवों में विज्ञान सिर्फ किताबों तक सीमित है। ग्रामीण स्कूलों में विज्ञान पढ़ाया तो जाता है, लेकिन विज्ञान की दृष्टि यानी आलोचनात्मक और तर्कपूर्ण सोच का विकास नहीं हो पाता। क्या बच्चों को यह समझाया जा रहा है कि बीमारी किसी डायन के कारण नहीं, बल्कि वैक्टीरिया वायरस, कुपोषण व स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण होती है? क्या हम गांवों में यह बात पहुंचा पा रहे हैं कि हर प्राकृतिक घटना का वैज्ञानिक कारण होता है और इसका हल किसी ओझा या तांत्रिक के पास नहीं, डॉक्टर और वैज्ञानिकों के पास होता है। इस हत्याकांड की भयावहता और खुली बर्बरता इस बात की गवाही देती है कि लोगों के मन से पुलिस और कानून का भय खत्म हो चुका है। 200 से अधिक लोग एक परिवार को जिंदा जला रहे है और कहीं कोई प्रशासन, कोई हस्तक्षेप, कोई सुरक्षा नहीं है। यह राज्य विहीनता की स्थित्ति है। सरकार की भूमिका केवल एफआईआर मुआवजे तक सीमित रह गई है। हमें स्वीकार करना ही होगा कि यह लड़ाई केवल अपराध से नहीं, बल्कि अज्ञान, भरा और पीढ़ियों से चली आ रहे अंधविश्वास और जादू टोना से है। इसका जवाब केवल कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकती, इसके लिए जमीनी स्तर पर एक वैचारिक वैज्ञानिक चेतना अभियान चलाने की ज़रूरत है।
सुझाव दिया जा सकता है कि इसके लिए हर पंचायत में विज्ञान क्लब बनाए जाएं, जिसमें बच्चों, महिलाएं और बुजुर्ग भाग लें और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपने जीवन से जोड़ सके। स्कूलों की पाठ्यपुस्तकों में अंधविश्वास विरोधी अध्ययन शामिल किया जाए और डायन जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध खुलकर चर्चा हो। जन स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा का गहरा आपस में समन्वय हो ताकि बीमारी की दिशा में लोग तांत्रिक के पास नहीं डॉक्टर के पास जाए। झारखंड, असम, राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार सहित कई राज्यों में ये कुप्रथा प्रचलित है। बिहार देश का पहला राज्य है जहां 1999 में डायन कुप्रथा को लेकर कानून था। साल 2023 में निरंतर नाम की संस्था ने बिहार के 10 ज़िलों में 118 गांव की 145 सर्वाइवर महिलाओं के बीच सर्वे किया था। इनमें से 97 प्रतिशत सर्वाइवर महिलाएं पिछड़ी, अति पिछड़ी और दलित समुदाय की थीं। बिहार में महिलाओं के बीच काम करने वाले संगठन बिहार महिला समाज ने इस मामले के सामने आने के बाद कहा है कि संगठन अपना एक जांच दल 10 जुलाई को पूर्णिया भेजेगा और इस मामले के खिलाफ पूरे बिहार में आंदोलन करेगा। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक देश भर में 85 लोगों की हत्याएं डायन कुप्रथा की वजह से हुई हैं।
वहीं झारखंड में डायन कुप्रथा के खिलाफ काम कर रही संस्था एसोसिएशन फॉर सोशल एंड ह्यूमन अवेयरनेस के संस्थापक अजय कुमार जायसवाल के मुताबिक बीते 26 साल में झारखंड में 1800 महिलाएं मार दी गईं जिनमें 90 प्रतिशत आदिवासी हैं। डायन कुप्रथा के ज्यादातर मामलों में एक-दो व्यक्ति को पुलिस पकड़ती है और एक बड़ा समूह बचकर निकल जाता है। इन मामलों में कानून तभी प्रभावी होगा, जब सभी उत्तरदायी लोगों को सज़ा मिलेगी।

#कब तक चलेगा डायन करार देकर जघन्य हत्याओं का सिलसिला