सुंदरनगर के जंगम बाग में भूस्खलन से बड़ा हादसा, आधा दर्जन लोग लापता, 2 शव बरामद
सुंदरनगर, 2 सितंबर - सुंदरनगर के जंगम बाग में भूस्खलन के कारण आधा दर्जन लोगों के लापता होने की आशंका है और 2 शव बरामद किए गए हैं। सुंदरनगर उपमंडल के चांबी पंचायत में मंगलवार शाम को हुए भूस्खलन के कारण दो मकान पर मलबा गिरने से आधा दर्जन लोगों के मलबे में दबने का मामला सामने आया है। इनमें से दो मां और बेटी के शव बरामद कर लिए गए हैं। आशंका है कि मृतकों की संख्या आधा दर्जन के करीब और हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन दलबल सहित मौके पर पहुंच गया और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस बल के साथ एन.डी.आर.एफ. की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को पीड़ित परिवार के घर में सेवानिवृति का कार्यक्रम था। इनमें से काफी रिश्तेदार वापिस चले गए थे, जबकि कुछ एक अभी घर में ही थे। ऐसे में मृतकों के आंकड़े में बढ़ौतरी हो सकती थी। उधर, सूचना मिलते ही उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और एसडीएम, सुंदरनगर अमर नेगी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर बचाव कार्य में जुटे पुलिस और एन.डी आर.एफ. कर्मियों को उचित दिशा निर्देश दिए। घटना के बाद सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने भी घटनास्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आरोप है कि बी.बी.एम.बी. द्वारा बीते कुछ दिनों से घटना वाले स्थान पेयजल पाइपें को बिछाने का कार्य किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा आपत्ति जताने के बावजूद इस कार्य को नहीं रोका गया। भारी बारिश के कारण किए जा रहे कार्य की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि भूस्खलन वाले स्थान के उपर के हिस्सों में बने मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से मकान खाली करने के लिए कहा गया है। इधर, पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर ने हादसे पर शोक जताया है और कहा कि प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये गये है।