दुनिया की सबसे ऊंची बिल्ंिडग बुर्ज खलीफा
दीदी, अब तो हर शहर में ऊंची ऊंची इमारतें बन गई हैं। मैं सोच रहा था कि दुनिया में सबसे ऊंची बिल्डिंग कौन सी होगी?’
‘दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दुनिया की सबसे ऊंची मानव निर्मित बिल्डिंग है, जिसका नाम बुर्ज खलीफा है।’
‘इसकी ऊंचाई कितनी होगी?’
‘यह बिल्डिंग 2010 में मुकम्मल हुई और इसकी ऊंचाई 828 मी है।’
‘इसका नाम बुर्ज खलीफा आपको अजीब सा नहीं लगता।’
‘नहीं। नाम हर कोई अपने देश की भाषा, संस्कृति व परम्परा के हिसाब से रखता है, अगर हम उससे परिचित न हों, तो वह हमें अजीब सा लगता है। वैसे बुर्ज खलीफा यूएई के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन ज़ायेद अल नहयान के नाम पर रखा गया है। बुर्ज खलीफा केवल अपनी ऊंचाई से ही नहीं बल्कि अन्य रिकार्ड्स से भी आश्चर्य में डालता है।’
‘जैसे?’
‘यह सबसे ऊंचा फ्री स्टैंडिंग स्ट्रक्चर है। इसके सबसे ज्यादा फ्लोर भरे हुए हैं और इसमें सबसे ज्यादा आउटडोर अवलोकन डेक हैं। यह आर्किटेक्चरल चमत्कार है।’
‘क्या इसका निर्माण किसी चीज़ से प्रेरित है?’
‘हां, रेगिस्तानी फूल हायमेनोकेलिस से, जब ही इसके फ्लोर प्लान का शेप अंग्रेज़ी के व्हाई लेटर जैसा है, जिसके छह कोनों वाले कोर में तीन विंग्स हैं।’
‘बुर्ज खलीफा को किसने डिज़ाइन किया था?’
‘स्किडमोर, ओविंग्स और मेर्रिल (एसओएम) ने, जबकि मुख्य आर्किटेक्ट एड्रिअन स्मिथ और स्ट्रक्चरल इंजिनियर बिल बेकर थे।’
‘इतनी ऊंची बिल्डिंग की मज़बूती का राज़ क्या है?’
‘इसकी बुनियाद इस तरह से बनायी गई है कि इसे असाधारण स्थिरता मिल जाती है। यह मोटे कंक्रीट मैट पर बनी हुई है और दुबई की मिट्टी में 192 गहरे पाइल्स इसे सहारा देते हैं। बुर्ज खलीफा में 900 लक्ज़री अपार्टमेंट्स हैं और साथ ही कॉर्पोरेट ऑफिस व अरमानी होटल भी है, जो 1-8 फ्लोर पर है और उसके कुछ हिस्से 38-39 फ्लोर्स पर भी हैं।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर