बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा: तमिलनाडु से पकड़े गए छह संदिग्ध
नई दिल्ली, 22 फरवरी - दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। तमिलनाडु से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जिन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के इशारे पर भारत में एक बड़ी आतंकी साजिश रचने का आरोप है। सभी आरोपियों को तमिलनाडु से दिल्ली लाया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, इन संदिग्धों द्वारा एक बड़ी आतंकवादी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन लोगों को आईएसआई और बांग्लादेशी आतंकी समूहों से निर्देश और सहायता मिल रही थी। इस मॉड्यूल का उद्देश्य भारत में शांति भंग करना और बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाना था।
गिरफ्तार संदिग्धों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस इन मोबाइल फोन और सिम कार्ड की गहन जांच कर रही है ताकि इनके नेटवर्क, संपर्कों और साजिश के पूरे ताने-बाने का पता लगाया जा सके।

