मेरठ को आज मिलेगी ‘नमो भारत’ और मेट्रो की सौगात, PM मोदी और CM योगी करेंगे उद्घाटन
मेरठ, उत्तर प्रदेश, 22 फरवरी - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करने मेरठ जाएंगे। प्रधानमंत्री भारत के पहले नमो भारत RRTS का उद्घाटन करेंगे और पूरा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश को समर्पित करेंगे। इसके लिए मेरठ में तैयारियां की जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे शताब्दीनगर हेलीपैड पर पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों हरी झंडी दिखाकर नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को रवाना करेंगे। इसके बाद दोनों नमो भारत ट्रेन से मेरठ दक्षिण स्टेशन तक यात्रा करेंगे।
उद्घाटन के बाद दोपहर 1:00 बजे मेरठ दक्षिण स्टेशन पर जनसभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के मेरठ खंड पर नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू होना है। इसके चलते मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा तेज, सुरक्षित और आधुनिक होगी।
प्रधानमंत्री की दोपहर 2:00 बजे विदाई के बाद मुख्यमंत्री मेरठ दक्षिण स्टेशन पर कुछ समय रुककर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शाम 4:10 बजे वे हेलीपैड से हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

